Sunday, 28 August 2011

**अन्ना सूरज आया है **

अन्ना सूरज आया है, 
नया सवेरा लाया है I
भ्रष्ट तिमिर अब हटके रहेगा, 
यह संकल्प जताया है I 
       स्वतंत्र हुए कुछ ही दिन बीते, 
       भ्रष्ट तंत्र ने जकड़ लिया I
       'गोरों' से हम मुक्त हुए तो, 
       'अपने कालों' ने जकड़ लिया I 
       सबक सिखाकर दम लेंगे अब, 
       जिसने हमें सताया है I
       अन्ना सूरज आया है ...........
       'अन्ना' ने आह्वान किया तो, 
       जन-संसद ने दिया समर्थन I
       उसकी ही अद्भुत ऊर्जा से, 
       सफल हुआ है उनका अनशन I
       सत्य-अहिंसा के आन्दोलन ने 
       फिर इतिहास बनाया है I
       अन्ना सूरज आया है,
       नया सवेरा लाया है I
            -----------

Friday, 26 August 2011

"देर न हो जाए"

मूंछों की लड़ाई में,
नियमों की कड़ाई में,
बात बिगड़ न जाए.
        पहले आप,पहले आप  ,
        करते-करते,
        रेल छूट न जाए.
बादल के बरसने में,
खेतों तक पहुंचने  में,
फसल सूख न जाए.
        सुषेण वैद्य बुलाने में,
        संजीवनी लाने में,       
        सांस निकल न जाए.
भ्रष्टाचार मिटाने में,
जनलोकपाल लाने में,
देर न हो जाए.

    ---------



Tuesday, 23 August 2011

"जय अन्ना हज़ारे"

जय अन्ना हज़ारे, जय अन्ना हज़ारे.
धन्य तुम्हारी देशभक्ति, सब की आँखों के तारे .
जय अन्ना हजारे........
       भ्रष्टाचार मिटाने का है, तुमने दृढ संकल्प लिया
       जन-जन को जागृत करने का, तुमने अदभुत कर्म किया .
       सत्ता के भूखे लोगों को, दिन में दिखा  दिए तारे .
       जय अन्ना हजारे........
शांत-अहिंसक आन्दोलन ने, सब पर जादू कर डाला .
राष्ट्र - ध्वजा ले नृत्य कर रहा, होकर जन-जन मतवाला .
गूंज रहे 'जय भारत माता', 'वन्दे मातरम' के नारे .
जय अन्ना हजारे........
       भ्रष्टाचार के अंधकार को भारत-भू से हटाना है .
       दीन-दुखी -शोषित जनता को उसका हक़ दिलवाना है
       देशभक्ति की ले मशाल, अब निकल पड़े घर से सारे.
       जय अन्ना हजारे........
जय अन्ना हज़ारे, जय अन्ना हज़ारे.
धन्य तुम्हारी देशभक्ति, सब की आँखों के तारे .
                 ---------------