मेरे सपनों का अखबार,
काश ! छप सका, तो
उसकी सुर्खियौं में नहीं होगा -
नारी का शोषण या बलात्कार,
दहेज उत्पीडन या भ्रष्टाचार,
दलितों का दलन अथवा चीत्कार,
भूखों का मरण अथवा हाहाकार,
और उसमे नहीं छपेगा कभी
मंदिर - मस्जिद का झगड़ा,
पूंजीपति और श्रमिक का रगडा.
नेता - अभिनेता का जनमानस से खेल,
अपराधियौं का अभिनन्दन
और निर्दोषों को जेल .
दो सम्प्रदायों में चाकूबाजी और फूट,
डकैती, हत्या, ठगी और लूट.
ऐसे बहुत से समाचारों का
आइना नहीं होगा मेरा अखबार .
वोटों के चक्कर में
खाइयाँ नहीं बढ़ा पायेगी सरकार.
काश! छप सका मेरा ऐसा अखबार,
तो मेरे नहीं हमारे सपने होंगे साकार.
मेरा अखबार दर्पण होगा आदर्श समाज का ,
भारतीय संस्कृति और रामराज का.
मेरा अखबार फैलाएगा समता का उजाला
गरीब के गर्दन में सुशोभित होगी
रोटी, कपडा और मकान की माला.
द्वेष, घृणा , हिंसा , चोरी का
नामोनिशां मिट जाएगा.
मेरा अखबार दीपक बनकर
भटकों को राह दिखायेगा..