Sunday, 23 October 2011

" दीवाली लाये खुशहाली"

    
     परिवर्तन है नियम प्रकृति का, 
     दीप नहीं,अब मशाल जलाओ.
     अंधकार की बढ़ी आबादी, 
     तुम भी अधिक प्रकाश फैलाओ.
            अंधकार ने विविध रूप धर, 
            जड़ें जमा दी हैं गहरी. 
            इस कैंसर के सर्वनाश को ,
            सशक्त लेज़र किरणें लाओ.
    कलियुग के काले धंधों ने ,
    मन भी कर दिए हैं काले.
    द्वेष -घृणा का कलुष मिटा दे, 
    प्यार का अद्भुत "पेंट" लगाओ. 
            मंहगाई -आतंक पड़ रहे,
            सब पर सबसे ज्यादा भारी.
            छोडो कोई खास पटाखा,
            इनको अब सब धूल चटाओ.
   दीवाली लाये खुशहाली, 
   सभी रंजिशें आज मिटाओ.
   हम भी खुश हों ,तुम भी खुश हो,
   खील- बताशे- खिलौने खाओ. 
   -----------------------
 नोट-सभी पाठकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं.  
                  -----------------------------



 

Friday, 21 October 2011

"छींटाकशी"

एक बार नहीं, सौ बार 
खुद को आईने में देखो .
ऊपर से नीचे तक,
बाहर से भीतर तक. 
वरना,दूसरों पर छींटाकशी, 
मंहगी पड़ जाएगी. 

दूसरों पर कीचड़ उछालना, 
मजाक नहीं है, दोस्त!
बहुत सावधानी चाहिए,
वरना कोई छींट,
तुम पर भी पड़ जाएगी. 
 
गड़े मुर्दे उखाड़ना ,
विपक्ष की आदत है. 
इसी से मिलती उसको, 
कुछ दिन को राहत है. 

वह राई सी छोटी गलती को, 
बड़ा पहाड़ बना देता है. 
तिल का ताड़ बना देता है.
बात का बतंगड़ बना देता है. 

बुझी हुई आग में , 
चिंगारी तलाश लेता है. 
फूंक मार -मार कर ,
बड़ी आग लगा देता है. 

न्यायालय से पहले ,
खुद फैसला सुना देता है. 
बाकी कसर, 
मीडिया पूरी कर देता है. 

छोटी सी खबर भी, 
"लाइम लाइट" बना देता है.
गिनती की तरह, 
कंठस्थ करा देता है. 

आज का युग , 
सावधानी का  युग है,ए दोस्त!
सावधानी हटी, दुर्घटना घटी.

इसलिए, फूंक- फूंक कर, 
कदम रखना जरुरी है.
दूसरों की लाइन को 
छोटी सिद्ध करने से पहले ,
अपनी बड़ी लाइन 
खींचना जरुरी है.
अन्यथा अंजाम भुगतना,
आपकी मज़बूरी है.
     ---------

Monday, 17 October 2011

"एक चुप सौ को हराए"

चुप रहना स्वभाव है मेरा,
किन्तु गूंगा नहीं हूँ .
वक्त पड़ने पर ,खरी -खोटी 
सुनाना जानता हूँ. 
व्यर्थ की बकबक,
मुझे नहीं है पसंद.
शब्द- बाणों का प्रहार,
बखूबी जानता हूँ. 
मौन संवर्धक है, 
संयम -आत्मबल का.
कायरता उसको नहीं 
मैं मानता हूँ. 
हो रहे हों जब, 
अनर्गल प्रश्नों के वार.
मौन को हथियार 
उत्तम मानता हूँ. 
"एक चुप सौ को हराए",
सत्य है यह. 
मौन है रक्षक सदा, 
मैं मानता हूँ. 
  ------

Wednesday, 5 October 2011

"दशहरे की शुभकामनायें"

  सभी को दशहरे की दस शुभकामनायें -

१-  सुख 
२- समृद्धि 
३- शान्ति
४- शौर्य 
५- सौभाग्य 
६- सौहार्द 
७- संतुष्टि 
८- सम्पन्नता 
९- सहृदयता 
१०- सफलता 

"सिलवटें"

        ये बेजुबान सिलवटें, 
       सब कुछ बयां कर देती हैं.
       सिलवटें चेहरे की हों या चादर की, 
       भेद खोल देतीं हैं,
       तन का - मन का.
       सुदामा ने चेहरे की सिलवटों को,
       छिपाने का हर संभव यत्न किया. 
       किन्तु कृष्ण जान गये हाल,
       उनके घर का, अंतर्मन का. 
       नायिका की रात कैसी गुजरी होगी, 
       मुट्ठी में भिची चादर की.
       सिलवटों ने कह दी कहानी सारी,
       रात की, कहर सावन का. 
        सागर की उठती -गिरती,
        लहरों सी सिलवटें.
        बताती है स्पष्ट हमें, 
        उतार - चढ़ाव जीवन का.
        माथे की सिलवटें,
        यदि बताती है भाग्य,
        तो पेट की  सिलवटें 
        द्योतक हैं भूखेपन का .
        सिलवटें चरित्र की,
        घर के घर उजाड़ देती हैं ,
        आभास करा देती हैं 
        राम का , रावण का.
            -------

Monday, 3 October 2011

"सुगन्धित एन .बी.टी"


     इक्कीसवीं सदी के बड़े अद्भुत तकनीकी प्रबंध ,
     "एन .बी.टी." में भर दी चन्दन की मोहक सुगंध. 
           "फ्रंट पेज" पर न हों  ह्रदय -विदारक समाचार  कभी, 
            काश, ईद, -होली-दीवाली मिलकर मनाएं सभी. 
     प्रेम -शांति की खुश्बू जब दिलों में भर जाएगी, 
     पर्यावरण के शुद्धीकरण की चिंता ख़त्म हो जाएगी.
                  -----------