Saturday, 31 December 2011

**अभिनन्दन हे नूतन वर्ष!**


अभिनन्दन हे नूतन वर्ष!
जन-गण-मन को देना हर्ष.
अभिनन्दन - - - - - - 
सत्य-धर्म के अनुयायी को,
देना ऋद्धि-सिद्धि-उत्कर्ष.
अभिनन्दन- - - - - - - 
सुख,शान्ति, सच्चरित्रता देना,
हों समाप्त सारे संघर्ष.
अभिनन्दन- - - - - --  - 
परहित,प्रेम,अहिंसा प्रबल हों,
हिंसा,स्वार्थ का हो अपकर्ष.
अभिनन्दन- - - - - - -
भेद-भाव से मुक्त हृदय हों,
नर में नारायण का दर्श.
अभिनन्दन- - - - - - -
सपने हों साकार सभी के,
करें अनन्त का सब स्पर्श.
अभिनन्दन- - - - - - - -
सभी सुखी हों, सभी निरोगी,
अजर-अमर हो भारतवर्ष.
अभिनन्दन हे नूतन वर्ष!
जन-गण-मन को देना हर्ष.
--------------------------
नोट-सभी को नव वर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें.
----------------------------------------------------------

Thursday, 22 December 2011

"आओ नया साल ऐसे मनायें"

आओ नया साल ऐसे मनायें ,
रोतों को हँसाएँ,गिरतों को उठायें.
मुहब्बत का अद्भुत दीपक जलायें,
घृणा का अँधेरा दिलों से मिटायें .
आओ.....................
हर तन को कपडा,जन-जन को भोजन,
रहने को सबको कोई घर दिलायें.
आँखों में आँसू को आश्रय मिले न ,
खुशियों से भरपूर जीवन बितायें.
आओ.......................
आक्रोश में हम न आयें हमेशा ,
सहने की शक्ति को हम सब बढायें.
झगड़ों से कभी कुछ हासिल न होता,
अमन का मधुर गीत हम गुनगुनायें.
आओ.......................
समस्या का हल, कोई समस्या नहीं है, 
मिल बैठ कर हर ग्रन्थि सुलझायें.
थोड़ा लिखे को समझना तुम ज्यादा,
समझदार हैं सब हम क्या समझायें.
आओ, नया साल ऐसे मनायें, 
रोतों को हँसाएँ ,गिरतों को उठायें.
          ---------------

Thursday, 15 December 2011

तुम यूँ हीं सदा मुस्कुराते रहो

तुम यूँ हीं सदा मुस्कुराते रहो, 
ज़िन्दगी की ग़ज़ल गुनगुनाते रहो.
ज़िन्दगी में आती रहें जुबलियाँ,
तुम सबको ख़ुशी से मनाते रहो .
   तुम यूँ हीं ------------------.
राधा-किशन सी ये जोड़ी सलामत रहे,
रिश्तों में मुहब्बत-इबादत रहे. 
ज़िन्दगी को समझ खेल क्रिकेट का तुम, 
छक्के पे छक्का लगाते रहो.
   तुम यूँ ------------------.
हम सबकी प्रभु से है यह प्रार्थना, 
दुखों से तुम्हारा न हो सामना.
हम पे आशीषों के मोती लुटाते रहो,
और दावत पे दावत खिलाते रहो.
   तुम यूँ हीं सदा मुस्कुराते रहो, 
ज़िन्दगी की ग़ज़ल गुनगुनाते रहो.
       ---------------------

Friday, 2 December 2011

"कमजोर पड़ती भाषण कला"

०१ दिसम्बर के नवभारत टाइम्स के सम्पादकीय "कमजोर पड़ती भाषण कला" शीर्षक के अंतर्गत प्रदर्शित चिन्ता निस्संदेह चिन्तनीय एवं विचारणीय है. किसी भी राजनेता के लिए अन्य गुणों के अतिरिक्त भाषण की कला में दक्ष होना उसके व्यक्तित्व के लिए एक अनिवार्य गुण माना जाता है. इसी के द्वारा वह जानता को अपनी ओर अधिक से अधिक आकृष्ट करने में सफल होता है. 
      लेखक महोदय ने कुछ कुशल वक्ताओं के नामों का उल्लेख किया है जैसे पंडित नेहरु और अटल बिहारी बाजपेयी आदि. वास्तव में इनके भाषणों में जान होती थी. लोग दूर-दूर से इनका भाषण सुनने आया करते थे. इनके भाषण मात्र शब्द नहीं होते थे अपितु उनमें इनकी विचारधारा परिलक्षित होती थी, इनकी पार्टी का दृष्टिकोण उजागर होता था. ऐसे वक्ताओं के भाषण संग्रह करने योग्य होते थे किन्तु आज इसका अभाव है.
       स्वामी विवेकानन्द भी भाषण कला में दक्ष थे.उन्होंने अमरीका के शिकागो नगर में दिए गए अपने भाषण से सभी अमरीकावासियों को मंत्र -मुग्ध कर दिया था. लोग उनके दीवाने हो गए और उनका ही नहीं बल्कि भारत के दर्शन का भी लोहा मानने लगे.
      मेरे विचार से वर्तमान संसद में विपक्ष की नेता श्रीमती सुषमा स्वराज एक ऐसा नाम है जिनका भाषण सुनने के लिए सब तत्पर रहते हैं.उन्हें भाषण की कला में निस्संदेह दक्षता हासिल है.
      चुनावों के दौरान भाषणों का काफी महत्त्व होता है.भाषण की कला में दक्ष नेता जनता के मन- मस्तिष्क को आकर्षित करके अपनी जीत का प्रतिशत बढ़ा सकते हैं.
       वर्तमान में प्रेस कांफ्रेंस का चलन है किन्तु इसमें नेताओं द्वारा अपनी जान -पहचान के रिपोर्टर  बुलाकर अपनी बात जनता तक पहुँचाने का प्रयास किया जाता है. लेकिन आज जनता भी बहुत जागरूक है. आसानी से प्रभावित नहीं होती. उसके ज्ञान-क्षेत्र का विस्तार हो चुका है. इसलिए भाषण द्वारा यदि कोई बात उसके दिल तक पहुंचाई जाये तो  निश्चय ही उसका प्रभाव पड़ेगा. आजकल भाषण की जगह चल रहे वाक-युद्ध के प्रचलन को रोकना होगा तथा तर्क -वितर्क से मुंह मोड़ना होगा. मीडिया को भी अपना दायित्व समझते हुए, ऐसे लोगों को महत्त्व नहीं देना होगा.
      केवल राजनीति ही नहीं बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी भाषण कला का अपना विशेष महत्त्व है. हम सभी को मिलकर भाषण की कला को जीवन्त बनाये रखने के लिए प्रयत्न करना होगा. स्कूल, कालिज एवं अन्य मंचों पर भाषण प्रतियोगिताएं करानी होंगी,वाद-विवाद प्रतियोगिताएं करानी होंगी तथा विजेताओं को पुरस्कृत करके प्रेरित करना होगा जिससे कमजोर पड़ती भाषण कला में कुछ जान पड़  सके.

Monday, 21 November 2011

'प्रसाद- पात्रं '

मैं वृक्ष से टूटा,
या तोड़ा गया.
फिर मुझे जोड़कर ,
एक नया 'लुक' दिया.
मैं बन गया अब ,
'प्रसाद- पात्रं '
पुरानी भाषा में "दौना".
मिट्टी से मैं बन गया सोना.
निर्माता ने कुछ पैसे ले,
मुझे सोंप दिया हलवाई को,
जीवन- यापन में जुटे एक भाई को.
चमक गया मेरा 
और मेरे निर्माता का भाग्य,
मिट गया हम दोनों का दुर्भाग्य.
हलवाई ने सौंप  दिया,
सप्रसाद, मुझे एक भक्त को.
प्रभु- भक्ति में डूबे ,
एक अनुरक्त  को.
मेरा भाग्य कुछ और जागा,
इसे ही कहते  हैं,"सोने पे सुहागा".
भक्त ने मुझे, देवालय में ,
प्रभु-चरणों में समर्पित कर दिया,
अपने साथ-साथ मेरा भी, 
भाग्य आलोकित कर दिया.
मेरा जीवन हो गया सफल.
प्रभु कृपा करते हैं अवश्य ,
आज नहीं तो,निश्चित ही कल.
.      ----------------

Wednesday, 2 November 2011

"ज़िन्दगी"

ज़िन्दगी छोटी ही सही, मगर खूबसूरत है. 
जैसे किसी मन्दिर में,प्रभु की मूरत है.
ज़िन्दगी जीने का,सलीका आना चाहिए. 
ज़िन्दगी वो गीत है,जो सुर में गाना चाहिए.
हर वक़्त एक सा मौसम, सदा नहीं रहता. 
ख़ुशी का वसंत,ग़म का पतझड़, नहीं रहता.
ज़िन्दगी में उतार-चढाव आना भी ज़रूरी है.
जैसे कभी मीठा,कभी तीखा भोजन में ज़रूरी है. 
वरना ज़िन्दगी में "देवेन्द्र",ठहराव सा आ जायेगा.
ज़िन्दगी ज़िन्दादिली से जियो,मज़ा आ जायेगा. 
                      ----------

Sunday, 23 October 2011

" दीवाली लाये खुशहाली"

    
     परिवर्तन है नियम प्रकृति का, 
     दीप नहीं,अब मशाल जलाओ.
     अंधकार की बढ़ी आबादी, 
     तुम भी अधिक प्रकाश फैलाओ.
            अंधकार ने विविध रूप धर, 
            जड़ें जमा दी हैं गहरी. 
            इस कैंसर के सर्वनाश को ,
            सशक्त लेज़र किरणें लाओ.
    कलियुग के काले धंधों ने ,
    मन भी कर दिए हैं काले.
    द्वेष -घृणा का कलुष मिटा दे, 
    प्यार का अद्भुत "पेंट" लगाओ. 
            मंहगाई -आतंक पड़ रहे,
            सब पर सबसे ज्यादा भारी.
            छोडो कोई खास पटाखा,
            इनको अब सब धूल चटाओ.
   दीवाली लाये खुशहाली, 
   सभी रंजिशें आज मिटाओ.
   हम भी खुश हों ,तुम भी खुश हो,
   खील- बताशे- खिलौने खाओ. 
   -----------------------
 नोट-सभी पाठकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं.  
                  -----------------------------



 

Friday, 21 October 2011

"छींटाकशी"

एक बार नहीं, सौ बार 
खुद को आईने में देखो .
ऊपर से नीचे तक,
बाहर से भीतर तक. 
वरना,दूसरों पर छींटाकशी, 
मंहगी पड़ जाएगी. 

दूसरों पर कीचड़ उछालना, 
मजाक नहीं है, दोस्त!
बहुत सावधानी चाहिए,
वरना कोई छींट,
तुम पर भी पड़ जाएगी. 
 
गड़े मुर्दे उखाड़ना ,
विपक्ष की आदत है. 
इसी से मिलती उसको, 
कुछ दिन को राहत है. 

वह राई सी छोटी गलती को, 
बड़ा पहाड़ बना देता है. 
तिल का ताड़ बना देता है.
बात का बतंगड़ बना देता है. 

बुझी हुई आग में , 
चिंगारी तलाश लेता है. 
फूंक मार -मार कर ,
बड़ी आग लगा देता है. 

न्यायालय से पहले ,
खुद फैसला सुना देता है. 
बाकी कसर, 
मीडिया पूरी कर देता है. 

छोटी सी खबर भी, 
"लाइम लाइट" बना देता है.
गिनती की तरह, 
कंठस्थ करा देता है. 

आज का युग , 
सावधानी का  युग है,ए दोस्त!
सावधानी हटी, दुर्घटना घटी.

इसलिए, फूंक- फूंक कर, 
कदम रखना जरुरी है.
दूसरों की लाइन को 
छोटी सिद्ध करने से पहले ,
अपनी बड़ी लाइन 
खींचना जरुरी है.
अन्यथा अंजाम भुगतना,
आपकी मज़बूरी है.
     ---------

Monday, 17 October 2011

"एक चुप सौ को हराए"

चुप रहना स्वभाव है मेरा,
किन्तु गूंगा नहीं हूँ .
वक्त पड़ने पर ,खरी -खोटी 
सुनाना जानता हूँ. 
व्यर्थ की बकबक,
मुझे नहीं है पसंद.
शब्द- बाणों का प्रहार,
बखूबी जानता हूँ. 
मौन संवर्धक है, 
संयम -आत्मबल का.
कायरता उसको नहीं 
मैं मानता हूँ. 
हो रहे हों जब, 
अनर्गल प्रश्नों के वार.
मौन को हथियार 
उत्तम मानता हूँ. 
"एक चुप सौ को हराए",
सत्य है यह. 
मौन है रक्षक सदा, 
मैं मानता हूँ. 
  ------

Wednesday, 5 October 2011

"दशहरे की शुभकामनायें"

  सभी को दशहरे की दस शुभकामनायें -

१-  सुख 
२- समृद्धि 
३- शान्ति
४- शौर्य 
५- सौभाग्य 
६- सौहार्द 
७- संतुष्टि 
८- सम्पन्नता 
९- सहृदयता 
१०- सफलता 

"सिलवटें"

        ये बेजुबान सिलवटें, 
       सब कुछ बयां कर देती हैं.
       सिलवटें चेहरे की हों या चादर की, 
       भेद खोल देतीं हैं,
       तन का - मन का.
       सुदामा ने चेहरे की सिलवटों को,
       छिपाने का हर संभव यत्न किया. 
       किन्तु कृष्ण जान गये हाल,
       उनके घर का, अंतर्मन का. 
       नायिका की रात कैसी गुजरी होगी, 
       मुट्ठी में भिची चादर की.
       सिलवटों ने कह दी कहानी सारी,
       रात की, कहर सावन का. 
        सागर की उठती -गिरती,
        लहरों सी सिलवटें.
        बताती है स्पष्ट हमें, 
        उतार - चढ़ाव जीवन का.
        माथे की सिलवटें,
        यदि बताती है भाग्य,
        तो पेट की  सिलवटें 
        द्योतक हैं भूखेपन का .
        सिलवटें चरित्र की,
        घर के घर उजाड़ देती हैं ,
        आभास करा देती हैं 
        राम का , रावण का.
            -------

Monday, 3 October 2011

"सुगन्धित एन .बी.टी"


     इक्कीसवीं सदी के बड़े अद्भुत तकनीकी प्रबंध ,
     "एन .बी.टी." में भर दी चन्दन की मोहक सुगंध. 
           "फ्रंट पेज" पर न हों  ह्रदय -विदारक समाचार  कभी, 
            काश, ईद, -होली-दीवाली मिलकर मनाएं सभी. 
     प्रेम -शांति की खुश्बू जब दिलों में भर जाएगी, 
     पर्यावरण के शुद्धीकरण की चिंता ख़त्म हो जाएगी.
                  -----------


Thursday, 29 September 2011

"ऐसे व्रत के क्या कहने?"


    ऐसे व्रत के क्या कहने?
    कष्ट पड़ें न कुछ सहने.
         "गुड मार्निंग" संग मिले बेड टी 
         "ब्रेकफास्ट" में नाना डिश.
          ड्राई-फ्रूट संग खीर हो बढ़िया, 
          जिसमें काजू और किशमिश
    "लंच" में साबूदाना खिचड़ी, 
    और दही संग आलू -फ्राई.
    पिस्ते- मावे की बर्फी हो, 
    रबड़ी हो या दूध मलाई. 
           "रिफ्रेशमेंट" में जूस और फल हों,
            फ्राई मखाने और बादाम. 
           "डिनर" में कोटू- सिंगाड़ा व्यंजन,
            अजब- गजब हों जिनके नाम. 
    "गुड नाइट" संग दूध केसरी, 
     नवरात्रों के क्या कहने!
     ऐसे व्रत के क्या कहने?
     कष्ट पड़ें न कुछ सहने.
             ऐसे व्रत निष्फल हैं भक्तों,
             जिनमें नहीं सयंम और त्याग. 
             "जय माता की " मन से बोलो, 
             जाग जायेंगे सब के भाग.
          -----------
        

"भगवान नज़र आएगा"


    क्या कोई संजीवनी 
    निर्धनता का घाव भर सकती है?
    क्या कोई नीति ,
    सामाजिक विषमता का विनाश कर सकती है?
    हाँ, हाँ ,क्यों नहीं?
    सब संभव है.
    नेताओं और मंत्रियों की,
    दिन -दूनी,रात- चौगुनी आमदनी पर
    अंकुश लगा दिया जाये. 
    उन्हें वी. आई. पी. से 
    जन-साधारण बना दिया जाये.
    उन्हें अर्श से फ़र्श पर
    गिरा दिया जाये.
    तब उन्हें ३२ और २६ का,
    गणित समझ आ जायेगा 
    और फिर हर भारतवासी ,
    उन्हें ०५ वर्ष में नहीं हर दिन 
    भगवान नज़र आएगा. 
     ---------

Tuesday, 27 September 2011

भगत सिंह जयन्ती पर विशेष : भगत सिंह - एक प्रेरक व्यक्तित्व



"लोग कहते हैं बदलता है ज़माना हरदम,
मर्द वो हैं जो ज़माने को बदल देते हैं. "

          सचमुच ऐसे ही थे शहीदे आज़म भगत सिंह जिन की जयन्ती आज समस्त राष्ट्र अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मना रहा है. भगत सिंह हमारे देश की आजादी की नींव के उन सशक्त पत्थरों में से एक हैं जिन पर हमारी और हमारे देश की आजादी आधारित है. आइये, देशभक्ति और सिंहत्व के संगम भगत सिंह के जीवन चरित्र  एवं देशभक्ति पर दृष्टिपात करें और जन- मानस में देशभक्ति का संचार करें तथा भगत सिंह के प्रति अपनी कृतज्ञता के सुमन अर्पित करें -
         " भगत सिंह का जन्म २८ सितम्बर ,१९०७ ,आश्विन शुक्ला त्रयोदशी संवत १९६४ विक्रमी शनिवार को प्रात; लगभग ९ बजे ग्राम बंगा जिला लायलपुर में हुआ था. यह स्थान अब पाकिस्तान में है .इनके पिता का नाम सरदार किशन सिंह और माता का नाम श्रीमती विद्यावती था. इनका पूरा परिवार देश की आज़ादी के लिए संघर्षरत था. इनके जन्म के समय इनके पिता एवं अन्य सम्बन्धियों की जेल से रिहाई हुई थी.इस कारण इन्हें बड़े भागों वाला यानि भाग्यवान कहा गया. इनकी दादी जयकौर ने इसी वज़ह से इनका नाम भगत सिंह रख दिया.
भगत सिंह एक मेधावी छात्र थे. कक्षा ४ में हीं इन्होने घर में रखी अजीत सिंह, सूफी अम्बा प्रसाद और लाला हरदयाल की लिखी लगभग ५० पुस्तकें पढ़ डाली थीं .प्राइमरी शिक्षा के बाद डी. ए. वी. स्कूल लाहौर में कक्षा ५ में इन्हें भर्ती किया गया. १९२१ में जब यह कक्षा ९ में थे ,असहयोग आन्दोलन से प्रेरित होकर इन्होने स्कूल छोड़ दिया और आन्दोलन में शामिल हो गए, बाद में नेशनल कॉलेज में भर्ती हो गए. १९२३ में इन्होने ऍफ़ .ए. पास किया.           
देशभक्ति की भावना बचपन से ही भगत सिंह के मन में कूट- कूट कर भरी हुई थी. जब ये चौथी कक्षा में थे ,विद्यार्थियों से पूछते कि तुम बड़े होकर क्या करोगे?कोई कहता-नौकरी करूँगा ,कोई कहता-दुकानदारी तो कोई खेती की बात करता किन्तु ये कहते कि मैं अंग्रेजों को देश से बाहर निकालूँगा.
          बचपन में घटी एक और घटना से इनके स्वातंत्र्य -प्रेम का परिचय मिलता है. जब ये लगभग तीन वर्ष के थे, इनके पिता अपने मित्र श्री मेहता नन्द किशोर के साथ खेत पर गए तो भगत सिंह जमीन में तिनके रोपने लगे. मेहता ने कहा - किशन सिंह, आपका बेटा तो अभी से किसान बन गया है और पौधे रोप  रहा है. पिता ने पूछा- क्या कर रहे हो भगत सिंह? भगत सिंह ने उत्तर दिया- बंदूकें बो रहा हूँ .
          भगत सिंह निर्भीकता और साहस कि साक्षात् प्रतिमा थे .अन्याय और अत्याचार का विरोध करना उनके व्यक्तित्व की एक विशेषता थी. क्रांतिकारियों ने जगह- जगह साइमन कमीशन का विरोध किया. लाहौर में भी ज़बरदस्त विरोध किया गया. विरोधियों पर पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किया गया. इस घटना में लाला लाजपतराय घायल हो गए और कुछ दिनों बाद उनकी मृत्यु हो गई.क्रांतिकारियों ने इसका बदला लिया.१७ दिसम्बर १९२८ को भगत सिंह ने राजगुरु एवं आजाद के साथ डिप्टी सुपरिटेंडेंट पुलिस सांडर्स को गोली से मार डाला जिसकी लाठी से लाला जी घायल हुए थे. 
          अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाने एवं साहस की एक और घटना ९ अप्रैल १९२९ की है. असेम्बली में दो बिल पास होने थे. एक पब्लिक सेफ्टी बिल जिसका मकसद युवक आन्दोलन को कुचलना था और दूसरा ट्रेड डिसप्यूट बिल जिसका उद्देश्य मजदूरों को हड़ताल के अधिकार से वंचित करना था. भगत सिंह ने बटुकेश्वर दत्त और चंद्रशेखर आज़ाद के साथ मिलकर इन बिलों का विरोध करने के लिए असेम्बली में पर्चे भी फेंके. यह कार्य भगत सिंह के साहस और निडरता का स्पष्ट प्रमाण है. 
          भगत सिंह ने इन्कलाब जिंदाबाद नारे की अपने ढंग से व्याख्या की. उन्होंने जस्टिस फोर्ड और जस्टिस एडीसन के सामने हाई कोर्ट लाहौर में अपनी अपील में इस नारे की व्याख्या करते हुए बताया कि इंक़लाब जिंदाबाद से हमारा यह उद्देश्य नहीं था जो आमतौर पर गलत अर्थ में समझा जाता है. पिस्तौल और बम इन्कलाब नहीं लाते बल्कि इन्कलाब की तलवार विचारों की सान पर तेज होती है. हमारे इन्कलाब का अर्थ पूंजीवाद और पूंजीवादी युद्धों की मुसीबतों का अंत करना है. 
          भगत सिंह की क्रांति का उद्देश्य समाजवाद की स्थापना करना था. उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रांति से हमारा प्रयोजन यह है कि अन्याय पर आधारित वर्तमान समाज व्यवस्था में परिवर्तन लाना और सर्वहारा वर्ग कीप्रभुता को मान्यता देना. 
          क्रांतिकारी होते हुए भी भगत सिंह का स्वभाव बहुत अच्छा था. उनका व्यक्तित्व बहुत महान था. वीरेन्द्र संधू के शब्दों में -"भगत सिंह के साहसी व क्रांतिकारी व्यक्तित्व को एक तरफ रख कर हम उनके व्यक्तित्व को स्वभाव के शीशे में देखें तो वे एक सरस , सजीव ,मसखरे ,सहृदय , संतुलित और उदार मानव थे. उनके जीवन का गहन विश्लेषण कर ऐसा लगता है कि वे ज्वाला , आँसूं और मुस्कान के तीर्थराज प्रयाग थे."
भगत सिंह कि माँ के शब्दों में - " उनका स्वभाव ऐसा था कि इंसान तो इंसान उन्हें तो जानवर भी बेहद प्यार करते थे. "
          प्रसिद्ध साहित्यकार पंडित बालकृष्ण शर्मा "नवीन" के अनुसार "किसी भी देश का युवक जितना सच्चा, चरित्रवान, वीर, संतोषी,आदर्शवादी,उत्सुक,निखरा हुआ तप्त स्वर्ण हो सकता है तो वह भगत सिंह ही है.." 
          भगत सिंह को दहीबड़े, केक और रसगुल्ले बहुत पसंद थे. रसगुल्ले देखकर तो उनकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहता था. लाहौर षड़यंत्र मुक़दमे के दिनों कि बात है- ९ अप्रैल १९३० को जतींद्र सान्याल ने अदालत से दरख्वास्त की कि रसगुल्लों का एक पार्सल बंगाल से आया है पर जेल अधिकारियों ने हमें यह कहकर उसे नहीं लेने दिया कि यह लेने लायक चीज़ नहीं है. भगत सिंह न्यायाधीश कि और मुखातिब हुए और निवेदन किया जिसका हिंदी अनुवाद इस प्रकार है -रसगुल्ले बाहर पड़े हें. क्या आप उनका निरीक्षण करने का कष्ट करेंगे ? यह एक सुन्दर दृश्य है . आप ज़रा उन्हें देखें तो. इन गवाहियों की अपेक्षा रसगुल्ले हमारे लिए अधिक महत्त्वपूर्ण हैं".भगत सिंह की बातें सुनकर सब हँस पड़े.
          भगत सिंह छुआछुत नहीं मानते थे. फाँसी से पहले उन्होंने जमादार के हाथ की बनाई रोटी प्रेम पूर्वक खायी थी. भगत सिंह ढोंग और आडम्बर के भी विरोधी थे .
          भगत सिंह के व्यक्तित्त्व की एक महत्त्वपूर्ण विशेषता यह थी कि वे एक अच्छे लेखक और पत्रकार भी थे. वह उद्देश्यवादी लेखक थे उनका उद्देश्य था जनता को क्रांति के लिए तैयार करना. अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए वे अपने कार्य को तीन भागों में बांटते थे -प्रथम, जनता के सीधे दिमाग पर हल्की चोट देकर उन्हें जगाना.दूसरे-जनता को जानकारी देना और तीसरा था - जनता को प्रेरणा देना कि जो कुछ दूसरों ने किया है वह तुम भी कर सकते हो.
          भगत सिंह अपने लेख को सुन्दर बनाने के लिए सूक्तियों का भी प्रयोग करते थे. जैसे-हों फ़रिश्ते भी फ़िदा जिन पर ये वो इन्सान हैं,आदि.
          उनकी पत्रकारिता के सम्बन्ध में उनके साथी श्री दीनानाथ ने लिखा है कि उनमें समाचार उत्पादन की अपूर्व क्षमता थी. वे समाचार की आत्मा को पहचानते थे. आपने  " प्रताप" के संपादन विभाग में भी काम किया था. 
          भगत सिंह का व्यक्तित्त्व देशभक्ति और सिंहत्व का संगम था. उनका क्रन्तिकारी व्यक्त्तित्व प्रत्येक देशभक्त के लिय अमर प्रेरक स्तम्भ है. विख्यात क्रांतिकारी जोगेश चन्द्र चटर्जी के शब्दों में -"क्रांतिकारी आन्दोलन में भगत सिंह का स्थान सबसे ऊँचा था. इसीलिए उनका नाम "शहीदे आज़म" हो गया." 
         वीरेन्द्र सन्धु के शब्दों में "रुसी आतंकवाद को क्रांति के पथ पर लाने के लिए जो काम महान लेनिन ने कियाथा,वह भारत की सशस्त्र  क्रांति के इतिहास में भगत सिंह ने किया.' 
निस्संदेह ,भगत सिंह का समूचा व्यक्तित्त्व प्रेरणादायक है. उनके ये शब्द कितने प्रेरणाप्रद हैं- "मेरा उद्देश्य तो यह है कि जनता शहीदों की कुर्बानियों और जीवन भर देश के ही काम में लगे रहने के उनके उदाहरणों से प्रेरणा हासिल करे और समय आने पर उस समय की परिस्थितयों को देखते हुए अपने कामों का स्वयं निर्णय करे."
         वास्तव में .हमें इन शब्दों से प्रेरणा लेनी  चाहिएऔर भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों और देशभक्तों के बलिदान के प्रतिफल में प्राप्त स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए सदा तत्पर रहना चाहिए. इसके निमित्त हमें चाहे तन-मन-धन और सर्वस्व ही क्यों न अर्पित करना पड़े.       
                   
** भारत माता क़ी जय **
   
         

Friday, 16 September 2011

"बरस वर्षा तू कुछ ऐसे"

बरस वर्षा तू कुछ ऐसे,
कि पत्थर भी पिघल जाए.
बुझे आतंक की ज्वाला,
कि उसका ताप मिट जाए.

           बरस वर्षा तू कुछ ऐसे,
           घृणा का मैल धुल जाए.
           बढ़े बन्धुत्व धरती पर,
           कि खूं में प्यार घुल जाए.

बरस वर्षा तू कुछ ऐसे,
ज़मीं यह स्वर्ग बन जाए.
करें सब देश की सेवा,
कि चाहे शीश कट जाए.
   -------

** पित्रों के प्रति श्रद्धा का पर्व हैं श्राद्ध **


                  प्रत्येक वर्ष आश्विन मास (क्वार) के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से अमावस्या तक का समय श्राद्ध पक्ष कहलाता है . प्रतिपदा से पूर्व पूर्णिमा को भी श्राद्ध पक्ष में गिना जाता है. इस प्रकार श्राद्ध पक्ष सोलह दिन का होता है. बोलचाल की भाषा में श्राद्ध को कनागत भी कहते हैं. इस वर्ष श्राद्ध पक्ष 13 सितम्बर से 27 सितम्बर तक है. पूर्णिमा का श्राद्ध सम्मिलित करते हुए यह 12 सितम्बर से 27 सितम्बर तक सोलह दिवसीय है. 
                 श्राद्ध, पित्र ऋण से मुक्ति के लिए किया जाता है. प्रत्येक गृहस्थ अपने पित्रों को प्रसन्न करने के लिए इस श्राद्ध पक्ष में अपनी श्रद्धा अनुसार एवं यथा शक्ति ब्राह्मणों या जरूरत मंदों को भोजन कराते हैं , दान देते हैं और विभिन्न भेंट देकर उनसे अपने जीवन को खुशहाल बनाने के लिए आशीर्वाद प्राप्त करते हैं. 
                 वर्तमान में , श्राद्ध एक दिखावा मात्र प्रतीत होते हैं. ऐसे कई उदहारण देखने सुनने में आते हैं के लोग अपने पूज्य माता- पिता तक को अपने साथ रखने में शर्म महसूस करते हैं या असुविधा का अनुभव करते हैं. कुछ तो उन्हें वृद्ध आश्रम में भेज देते हैं या उन्हें घर से निकाल कर उनकी बेबसी पर रोता छोड़ देते हैं. कुछ माँ- बाप तो स्वयं ही वृद्ध आश्रम का वरण कर शांति और सुख से रहने लगते हैं. माता पिता को अपने से दूर करने वाले यदि उनकी मृत्यु के बाद उनका श्राद्ध करते हैं तो उसका कोई औचित्य प्रतीत नहीं होता. ऐसे लोगों द्वारा दिखावटी श्राद्ध करने से शुभाशीर्वाद की कामना करना बेमानी लगता है. श्राद्ध श्रद्धा का पर्व है. यदि हमारे ह्रदय में अपने पित्रों के प्रति श्रद्धा नहीं है तो हमारा उनके लिए किया गया श्राद्ध निरर्थक है. 
                यहाँ एक पुरानी कहावत का उल्लेख करना उचित समझता हूँ. 
                                                  " जियत पिता संग , जंगम जंगा , 
                                                     मरत पिता पहुंचाए गंगा. 
                                                     जियत पिता न पूछी बात , 
                                                     मरत पिता को दाल और भात."
                अतः, यदि हम अपने पित्रों को उनके जीवन काल में संतुष्ट रखें, उनकी यथा संभव सेवा करें, उन्हें पूर्ण आदर और श्रद्धा प्रदान करें तो मेरे विचार से उनकी मृत्यु के बाद उनका श्राद्ध करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.

Tuesday, 13 September 2011

"14 सितंबर - हिन्दी दिवस"


14 सितंबर,2011-हिन्दी दिवस पर समस्त हिन्दी प्रेमियों को हार्दिक शुभकामनाएँ. अत्यन्त हर्ष का विषय है कि आज हम पुनः हिन्दी दिवस मना रहे हैं .प्रत्येक राष्ट्र का अपना ध्वज होता है,राष्ट्रगान होता है और अपनी भाषा होती है. राष्ट्र भाषा से तात्पर्य है किसी राष्ट्र की जनता की भाषा. 35 करोड़ से अधिक लोगों द्वारा बोली जाने वाली हिन्दी को राष्ट्रभाषा का सम्मान प्राप्त हुआ.14 सितंबर 1949 को हमारे संविधान निर्माताओं ने इसे राजभाषा के रूप में स्वीकार किया.उसी दिवस की याद में प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिन्दी दिवस मनाया जाता है.
        राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त ने लिखा है-'है भव्य भारत ही हमारी ,मातृभूमि हरीभरी. हिन्दी हमारी राष्ट्रभाषा और लिपि है नागरी'. प्रत्येक राष्ट्र के मनुष्यों को मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए राष्ट्रभाषा की आवश्यकता होती है. मनुष्य चाहे कितनी ही भाषाओं का ग्यान प्राप्त कर ले परंतु अपनी भवनाओं को व्यक्त करने के लिए उसे अपनी भाषा का सहारा लेना पड़ता है. सच्चा ग्यान,सच्चा सृजन और सच्चा शोध किसी पराई भाषा में बहुत उच्च स्तर का नही हो सकता है.
        हमे स्वतंत्र हुए लगभग 6 दशक से अधिक हो गये हैं किंतु बड़े खेद के साथ कहना पड़ रहा है कि हमारी अँग्रेजियत की मानसिकता अभी तक नहीं बदली है या हम बदलना नहीं चाह रहे हैं. हम अपनी राष्ट्रभाषा के उत्थान के लिएसमुचित उपाय नहीं कर रहे हैं. मात्र 14 सितंबर को हिन्दी दिवस मनाने से हिन्दी की उन्नति संभव नहीं है. संकीर्ण मानसिकता वाले लोग ही हिन्दी का विरोध करते रहते हैं .हमै उनसे सतर्क रहना चाहिए क्योंकि हिन्दी संसार की सबसे अधिक सरल ,मधुर एवं वैज्ञानिक भाषा है. उसकी अपनी लिपि है ,व्याकरण है. हमे उदार हृदय से हिन्दी को अपनाना चाहिए क्योंकि किसी भी राष्ट्र की उन्नति के लिए उसकी भाषा की उन्नति का होना अत्यंत आवश्यक है.
        राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ने भी हिन्दी को राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिष्ठित करने की आवश्यकता के सन्दर्भ में कहा था -"मैं हमेशा यह मानता रहा हूँ की हम किसी भी हालत में प्रांतीय भाषाओं को नुकसान पहुँचाना या मिटाना नहीं चाहते .हमारा मतलब तो सिर्फ़ यह है कि विभिन्न प्रांतों के पारस्परिक संबंध के लिए हम हिन्दी भाषा सीखै. ऐसा कहने से हिन्दी के प्रति हमारा कोई पक्षपात प्रकट नहीं होता . हिन्दी को हम राष्ट्रभाषा मानते हैं. वह राष्ट्रीयहोने के लायक है.
        "केंद्र सरकार का हिन्दी निदेशालय ,नागरी प्रचारिणी सभा तथा हिन्दी साहित्य सम्मेलन आदि अनेक संस्थान हिन्दी के विकास में कार्य कर रहे हैं फिर भी हम प्रत्येक भारतवासी का कर्तव्य है क़ि हम अपने कार्य एवं व्यवहार में अधिक से अधिक हिन्दी का प्रयोग करै.
         अंत में, मैं कविवर भारतेंदु हरिश्चंद्रजी की "मातृभाषा" शीर्षक कविता की दो पंक्तियों का उल्लेख करना चाहूँगा -
                                "निज भाषा उन्नति अहे, सब उन्नति को मूल,
                                 बिन निज भाषा ग्यान के, न हिय को सूल".
        नोट -यह साधारण लेख उन लोगों के लिए है जिन्है हिन्दी दिवस की जानकारी नहीं है.

Tuesday, 6 September 2011

"वर दे"


ग़रीब जनता की नुमाइंदगी करने वालों की संपन्नता से चकित हो प्रतिक्रिया स्वरूप एक हास्य - व्यंग्य रचना-
हे कृपालु करुणा के सागर,
मुझ पर एक कृपा तू कर दे.
नेता जी की कन्या के संग,
एक बार तू मुझ को 'वर दे'.
       चंद्रा -ज्योत्सना सी हो उज्ज्वल,
       अथवा आबनूस सी काली.
       सर्वगुण संपन्न हो चाहे,
       अवगुण की हो ख़ान निराली.
       खालिस हो या हो सॅप्रेटा,
       मेरा भाग्या कलश तू भर दे.
       हे कृपालु करुणा के सागर,
       मुझ पर एक कृपा तू कर दे.
निष्ठुर हो या मेहेरवान हो,
चाहे जैसा खानदान हो.
सींक -सलाई सी हो पतली,
या टुनटुन सी पहलवान हो.
जीवन की गाड़ी में भगवन,
पहियों का इंतज़ाम तू कर दे.
हे कृपालु करुणा के सागर,
मुझ पर एक कृपा तू कर दे.
       लक्ष्मी का अवतार मानकर्,
       मैं उसकी अर्चना करूँगा.
       सिद्ध -मन्त्र सा उसे प्रयोग कर,
       मैं खाली भंडार भरूंगा.
       नेता जी के 'गुडलक' का प्रभु,
       मुझको हिस्सेदार तू कर दे.
हे कृपालु करुणा के सागर,
मुझ पर एक कृपा तू कर दे.
नेता जी की कन्या के संग,
एक बार तू मुझ को 'वर दे'.
     ----------

Sunday, 4 September 2011

'शिक्षक दिवस पर शपथ लें'



05 सितंबर 2011, शिक्षक दिवस पर समस्त शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएँ.
       शिक्षक समाज एवम राष्ट्र का निर्माता कहा जाता है किंतु भौतिकतावादी इस वर्तमान युग में उसके इस पूर्व प्रतिष्ठित रूप में प्रश्नचिह्न लग गया है. अतः आवश्यक है कि हम शिक्षक स्वयं को समाज एवं राष्ट्र के पुनर्निर्माण हेतु पुनः समर्पित करै और शपथ लें -
       मैं शपथ लेता हूँ कि मैं एक शिक्षक के रूप में अपने कर्त्तव्यों का समग्र रूप से पालन करूँगा. मैं अपने छात्र -छात्राओं से मातृ -पितृवत व्यवहार करूँगा और बिना किसी भेदभाव के उनके सर्वांगीण विकास एवं उनके जीवन को स्वर्णिम बनाने के लिए सदैव प्रयत्नशील रहूँगा. शिक्षा के व्यवसायीकरण को रोकने के लिए मैं यथासंभव प्रयत्न करूँगा. मैं उन्हें ट्यूशन के लिए बाध्य नहीं करूँगा .
       मैं विभिन्न व्यसनों से स्वयं को निर्लिप्त रख ,अपने शिक्षार्थियों को भी इनसे बचने के लिए प्रेरित करूँगा.मैं ज्ञानांजन की शलाका से अपने विद्यार्थियों के बाह्य एवं आंतरिक दोनों नेत्रों का उन्मीलन करूँगा.
       मैं श्रद्धा का पात्र बनने के लिए आवश्यक आदर्श व्यक्तित्व के समस्त गुणों को आत्मसात कर अपने शिक्षार्थियों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करूँगा .
        हम सुधरेंगे, जग सुधरेगा.

'पवित्र रिश्ता'

'पवित्र रिश्ता है', शिक्षक और शिक्षार्थी का,
संबंध है दोनों का, 'दिया ओर बाती' का.
'रिश्तों के भंवर में', आज गुम हो गये दोनों,
पहचानना कठिन है चेहरा, अपने का,विश्वासघाती का

Sunday, 28 August 2011

**अन्ना सूरज आया है **

अन्ना सूरज आया है, 
नया सवेरा लाया है I
भ्रष्ट तिमिर अब हटके रहेगा, 
यह संकल्प जताया है I 
       स्वतंत्र हुए कुछ ही दिन बीते, 
       भ्रष्ट तंत्र ने जकड़ लिया I
       'गोरों' से हम मुक्त हुए तो, 
       'अपने कालों' ने जकड़ लिया I 
       सबक सिखाकर दम लेंगे अब, 
       जिसने हमें सताया है I
       अन्ना सूरज आया है ...........
       'अन्ना' ने आह्वान किया तो, 
       जन-संसद ने दिया समर्थन I
       उसकी ही अद्भुत ऊर्जा से, 
       सफल हुआ है उनका अनशन I
       सत्य-अहिंसा के आन्दोलन ने 
       फिर इतिहास बनाया है I
       अन्ना सूरज आया है,
       नया सवेरा लाया है I
            -----------

Friday, 26 August 2011

"देर न हो जाए"

मूंछों की लड़ाई में,
नियमों की कड़ाई में,
बात बिगड़ न जाए.
        पहले आप,पहले आप  ,
        करते-करते,
        रेल छूट न जाए.
बादल के बरसने में,
खेतों तक पहुंचने  में,
फसल सूख न जाए.
        सुषेण वैद्य बुलाने में,
        संजीवनी लाने में,       
        सांस निकल न जाए.
भ्रष्टाचार मिटाने में,
जनलोकपाल लाने में,
देर न हो जाए.

    ---------



Tuesday, 23 August 2011

"जय अन्ना हज़ारे"

जय अन्ना हज़ारे, जय अन्ना हज़ारे.
धन्य तुम्हारी देशभक्ति, सब की आँखों के तारे .
जय अन्ना हजारे........
       भ्रष्टाचार मिटाने का है, तुमने दृढ संकल्प लिया
       जन-जन को जागृत करने का, तुमने अदभुत कर्म किया .
       सत्ता के भूखे लोगों को, दिन में दिखा  दिए तारे .
       जय अन्ना हजारे........
शांत-अहिंसक आन्दोलन ने, सब पर जादू कर डाला .
राष्ट्र - ध्वजा ले नृत्य कर रहा, होकर जन-जन मतवाला .
गूंज रहे 'जय भारत माता', 'वन्दे मातरम' के नारे .
जय अन्ना हजारे........
       भ्रष्टाचार के अंधकार को भारत-भू से हटाना है .
       दीन-दुखी -शोषित जनता को उसका हक़ दिलवाना है
       देशभक्ति की ले मशाल, अब निकल पड़े घर से सारे.
       जय अन्ना हजारे........
जय अन्ना हज़ारे, जय अन्ना हज़ारे.
धन्य तुम्हारी देशभक्ति, सब की आँखों के तारे .
                 ---------------

Monday, 4 July 2011

बेटी की शादी ?

सपने ओझल हुए आँख से , 
निंदिया रूठ गई .
बेटी की शादी की चिंता में,
काया सूख गई.
वर की तलाश करते -  करते,
मेरी हिम्मत टूट गई.
"कन्या लक्ष्मी होती है", 
क्या बात सही कही?
लड़के वालों की 'डिमांड' सुन,
हिम्मत टूट गई.
कन्या में सब गुण ही गुण हों,
बाप हो पैसे वाला.
वर पक्ष की सब बातें माने,
निकले चाहे दीवाला.
कन्या का पापा बन मेरी,
किस्मत फूट गई.
देख उदासी पापा की,
बेटी ने बढाई हिम्मत.
"कन्या उनको ही मिलती है, 
जिनकी अच्छी हो किस्मत". 
बोझ नहीं है बेटी अब,
है शक्ति का अवतार.
वर मेरा कोई सज्जन होगा,
जिसे नहीं दहेज़ से प्यार".
कन्या की बातों से मेरी,
चिंता दूर हुई.
थी अवोध कोमल कलिका जो
विकसित फूल हुई.
------------------------------------
                        "विचित्र"







Saturday, 2 July 2011

सड़क का पत्थर

सड़क के पत्थरों को ठोकरें मत मरो,
तुम्हारे पैर लहूलुहान कर देंगे.
इन्हें तराश कर देखो तो ज़रा,
इनमें छिपे भगवान तुम्हें दर्शन देंगे.
           ये वो नायाब हीरा हैं जिनसे,
           सजता है शहंशाहों का ताज.
           ये पत्थर नहीं,ये हैं ताजमहल,
           जिसमें जिंदा है शाहजहाँ की मुमताज.
पत्थरों को फूल बनते देर नहीं लगती,
प्यार का लेप ज़रा मलकर देखो.
उन्हें सीने से लगाओ,थोड़ा सा चूमो,
फिर उनके पिघलने का मंज़र देखो.
           इन्हें मिल जाये कुशल जौहरी सा वारिस कोई,
           न जाने कितनों की किस्मत चमक जाये.
           ये बनेंगे मंदिर ,मस्जिद ,चर्च या गुरुद्वारा,
           जहाँ हर कोई शीश झुकाने जाये.  
                     ---------------


Wednesday, 8 June 2011

"हमें स्वयं के दोष दिखाई नहीं देते"

हमें स्वयं के दोष दिखाई नहीं देते ,
औरों के हम दोष बताया करते हैं .
अपने को निर्दोष सिद्ध करने को हम ,
औरों पर उँगलियाँ उठाया करते हैं .
        औरों की हम पोल खोलने में  माहिर,
        अपने गहरे दाग़ छिपाया करते हैं .
        काली करतूतों की कीचड़ में सने-पुते ,
        दूध -धुला अपने को दिखाया करते हैं .
 शीशे के भवनों में रहने वाले कभी ,
औरों पर पत्थर न उछाला करते हैं .
आग लगा देते हैं भीषण कभी -कभी,
 चहुदिशी में जो दीप उजाला करते हैं .
        'त्रुटी स्वभाव है मानव का' कहते हैं सब ,
        दोषी दोष नहीं लगाया करते हैं .
        'युधिष्ठिर' तो शांतचित्त रहते हैं सदा ,
        'दुर्योधन' ही शोर मचाया करते हैं .
 'मुझसा बुरा न कोय' मानने वाले सदा ,
 शत्रु को भी मित्र बनाया करते हैं .
 प्रभुता पाकर भी विनम्र हैं जो 'देवेन्द्र' ,
 लोग उन्हें भगवान बताया करते हैं .  

             -----------------                     



 

Tuesday, 31 May 2011

गीत

ठोकरों ने मुझे लक्ष्य की भेंट दी , 
मैं जितना गिरा उतना उठता गया .
राह में आये कांटे जो बाधाओं के ,
फूल उनको समझकर मैं चलता गया . 
ठोकरों    .........................
हौंसलों ने मुझे दी नई जिन्दगी ,
पंख कमजोर थे फिर भी उड़ता गया .
हर कदम पास मंजिल के लाता गया ,
कदम बढ़ते गए ,मार्ग घटता गया .
ठोकरों    .........................
निराशा के बादल खुद छंटते गए ,
और आशा का चंदा चमकता गया .
गहरे पानी में मिलते हैं मोती सदा ,
वो पाता रहा जो उतरता गया .
ठोकरों    .........................                  
ये नियम है प्रकृति का कहते हैं सब ,
वो मारा गया जो भी डरता गया .
साथ हिम्मत के सपने जो पूरा करे ,
कर्म के साथ फल उसका बढ़ता गया .
ठोकरों    ......................... 
   
           ----------------

Thursday, 19 May 2011

आज का आदमी

यथार्थ से दूर कल्पनाओ में जीता है,
अपने दुःख से  नही , दुसरो क सुख से दुखी होता है
आज का आदमी.
हर घटना-दुर्घटना को नजर अंदाज करता है, 
संवेदनशीलता से कोई रिश्ता नही रखता है 
आज का आदमी.
रातों -रात धनी बनने को दौड़ता रहता है,
काले धंधो में फेविकोल सा चिपका रहता है 
आज का आदमी.
विश्वास की सीमा से कोंसो दूर रहता है,
आस्तीन का सांप बन, हर पल डसता रहता है 
आज का आदमी.
वक्त पड़ने पर गधे को बाप बना लेता है,
महास्वार्थी और दोहरे चरित्र वाला होता है 
आज का आदमी.
अपनों से मुंह फेरने में उसे शर्म नही लगती,
लाल खून वाला नही सफेद खून वाला होता है 
आज का आदमी.
                 ____________







Monday, 16 May 2011

बौने हाथ

अपने बौने हाथों से,
अनंताकाश का स्पर्श मत करो.
क्योंकि 
यह मृगतृष्णा की भांति तुम्हे लुभाएगा, थकायेगा,
स्वयम तुम्हारी विवशता पर हंसेगा, तुम्हें रुलाएगा .
परन्तु 
मनोबल  मत गिराओ,
धैर्य से काम लो आगे आओ, 
बौने हाथों की लम्बाई बढाओ. 
आकाश को नीचे झुकाओ .
बौने हाथों की लम्बाई बढाओ !
आकाश को नीचे झुकाओ!!   
हाँ ,हाँ,लम्बाई बढ़ा सकते हो ,
आकाश झुका सकते हो .
कर्म को , धर्म करो दलितों का उद्धार करो 
भेद-भाव के रावण का राम सदृश  संहार करो  
घ्रणित को स्नेह दो, भूखे  को रोटी दो. 
निर्बल को शक्ति दो, नग्न को लंगोटी दो. 
आकाश स्वयं भू पर आ जायेगा ,
तुम्हारे चरणों में मस्तक झुकाएगा 
तब तुम आकाश को छूना , छूना  क्या आलिंगन करना.  
कामना की पूर्ति पर हँसना , खूब हँसना  , किन्तु गर्व न करना ..  

Thursday, 12 May 2011

समरसता


मन के अनुकूल सभी कुछ अच्छा लगता है
मन के प्रतिकूल सुख भी दुःख सा लगता है.
        सुख में चंदा शीतलता बरसाता है,
        दुःख में वही ह्रदय को खूब जलाता है.
        मोती सदृश तुहिन कण अश्रु लगता है,
        मन के अनुकूल सभी कुछ अच्छा लगता है.
मन चंगा तो कठौती में गंगा कहते है,
झोंपड़ी में भी लोग चैन से रहते है.
कांटो का बिस्तर फूलों सा लगता है,
मन के अनुकूल सभी कुछ अच्छा लगता है.
        महंगाई ने कमर तोड़ दी जनता की,
        खून पसीना देकर चूल्हा जलता है.
        जेब में हों पैसे सब सस्ता लगता है,
        मन के अनुकूल सभी कुछ अच्छा लगता है.
सूखे में जल-कण को धरा तरसती है,
अतिवृष्टि में रोती और बिलखती है.
मर्यादा में झूठ भी सच्चा लगता है,
मन के अनुकूल सभी कुछ अच्छा लगता है.
        नारी ही जननी है पुत्र और पुत्री की,
        फिर भी माँ को बेटा अच्छा लगता है.
        शत्रु से ज्यादा मित्र से डर अब लगता है,
        मन के अनुकूल सभी कुछ अच्छा लगता है.
सुख-दुःख, हानि-लाभ नहीं वश में मानव के,
जीवन का सुख मूल मात्र समरसता है.
संतुष्टि से बड़ा न धन कोई लगता है ,
मन के अनुकूल सभी कुछ अच्छा लगता है.























Wednesday, 27 April 2011

** मेरे सपनों का अखबार **

मेरे सपनों का अखबार, 
काश ! छप सका, तो 
उसकी सुर्खियौं में नहीं होगा -
नारी का शोषण या बलात्कार, 
दहेज उत्पीडन या भ्रष्टाचार, 
दलितों का दलन अथवा चीत्कार, 
भूखों का मरण अथवा हाहाकार, 
और उसमे नहीं छपेगा कभी 
मंदिर - मस्जिद का झगड़ा,
पूंजीपति और श्रमिक का रगडा. 
नेता - अभिनेता का जनमानस से खेल, 
अपराधियौं का अभिनन्दन 
और निर्दोषों को जेल .
दो सम्प्रदायों में चाकूबाजी और फूट, 
डकैती, हत्या, ठगी और लूट.
ऐसे बहुत से समाचारों का 
आइना नहीं होगा मेरा अखबार .
वोटों के चक्कर में
खाइयाँ नहीं बढ़ा पायेगी सरकार.
काश! छप सका मेरा ऐसा अखबार, 
तो मेरे नहीं हमारे सपने होंगे साकार.
मेरा अखबार दर्पण होगा आदर्श समाज का , 
भारतीय संस्कृति और रामराज का. 
मेरा अखबार फैलाएगा समता  का उजाला
गरीब के गर्दन में सुशोभित होगी 
रोटी, कपडा और मकान की माला. 
द्वेष, घृणा , हिंसा , चोरी का 
नामोनिशां मिट जाएगा. 
मेरा अखबार दीपक बनकर 
भटकों को राह दिखायेगा..



Monday, 25 April 2011

** मैं अकिंचन ......................**

मैं अकिंचन(1) किन्तु मुझमें, 
रक्त ,अस्थि, मांस तो  है. 
दूसरों के वास्ते, यह जिन्दगी है, 
सांस तो है.
मैं अकिंचन वित्त से, 
पर वृत्त का सम्मान तो है.
मातृ - भू भारत है मेरी, 
इसका मुझे अभिमान तो है.
मैं अकिंचन किन्तु मुझमे,
वेदना का भाव तो है.
शूल चुभता है किसी के, 
मेरे उर में घाव तो है.
में अकिंचन बाहुबल से, 
लेखनी में धार तो है, 
द्वेष - घृणा जो मिटा दे, 
ऐसा दिल में प्यार तो है. 

(1) अकिंचन - निर्धन मनुष्य , मुफलिस , दारिद्र, दीन, Pauper.

** माँ की ममता **

कोई मुझे माँ की ममता दे ,
बदले में सब कुछ ले ले . 
सारे खेल अधूरे हैं माँ , 
बिन तेरी गोदी खेले . 
                            फूलों सा तेरा वक्षस्थल , 
                            मानो यही स्वर्ग अभिराम.
                            सारी चिंताओं का नाशक, 
                            तीर्थराज सुखदायक धाम. 
                            प्रसव से लेकर पोषण तक माँ, 
                            तू ने अनगिन दुःख झेले.
                            कोई मुझे माँ की ममता दे,
                            बदले में सब कुछ ले ले .
हो कपूत या हो सपूत, माँ, 
सबको प्यार बराबर करती.
सबको सुख के फूल लुटाती, 
कांटो से निज आँचल भरती. 
एक जान होकर भी झेले, 
घर - समाज के सभी झमेले.
कोई मुझे माँ की ममता दे,
बदले में सब कुछ ले ले .
                           माता नहीं कुमाता होती , 
                           पुत्र कुपुत्र हुआ करते हैं. 
                           अपने ही हाथों से मो को, 
                           अग्नि को सौपा करते हैं. 
                           तेरी महिमा अति महान माँ , 
                           तेरे कर्म बड़े अलबेले. 
                           कोई मुझे माँ की ममता दे,
                           बदले में सब कुछ ले ले .



Sunday, 24 April 2011

** मेरी भारतभूमि **

मेरी भारत भूमि है, मनहर अमरों का नंदन .
इसके कण - कण के तन - मन में , महक रहा है चन्दन,
इसका पहरेदार हिमालय , 
सागर चरण पखारता , 
कुसुमाकर वसंत आ - आकर , 
इसका रूप संवारता . 
कुहुक - कुहुक कर कोकिल करती , इसका अनुपम अभिनन्दन , 
मेरी भारत भूमि है, मनहर अमरों का नंदन .
हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, 
सब इसकी संतान हैं.
सत्य, अहिंसा , शांति सदृश, 
इसके सिद्धांत महान है. 
गीता, बाइबिल और कुरआन का , घर - घर होता अनुगुंजन .
मेरी भारत भूमि है, मनहर अमरों का नंदन 
हम हैं धन्य कि देवों की , 
प्रिय भू पर हमने जन्म लिया .
दूध सदृश इसकी नदियाँ का, 
हमने निर्मल नीर पिया.
तन - मन - धन अर्पित कर इसको , करें सदा पूजन - वंदन .
मेरी भारत भूमि है, मनहर अमरों का नंदन.

Saturday, 23 April 2011

** सरस्वती वंदना - " वर दे " **


शारदे माँ ! ज्ञान दे .
दलित, शोषित , हेय जन को मान दे .
शारदे माँ ! ज्ञान दे I
पथ भ्रष्ट जन को तू दिखा शुभ राह , 
परहित की तू जगा प्रबलतम चाह ,
वसुधा बने परिवार यह वरदान दे .
शारदे माँ ! ज्ञान दे .
जड़ - चेतन हो सदा सर्वथा अनुशासित , 
राष्ट्र - प्रेम का भाव करे जन - मन अनुप्राणित ,
हों मान्य प्रशासन नियम, शिवम् का दान दे .
शारदे माँ ! ज्ञान दे .