Friday, 16 September 2011

** पित्रों के प्रति श्रद्धा का पर्व हैं श्राद्ध **


                  प्रत्येक वर्ष आश्विन मास (क्वार) के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से अमावस्या तक का समय श्राद्ध पक्ष कहलाता है . प्रतिपदा से पूर्व पूर्णिमा को भी श्राद्ध पक्ष में गिना जाता है. इस प्रकार श्राद्ध पक्ष सोलह दिन का होता है. बोलचाल की भाषा में श्राद्ध को कनागत भी कहते हैं. इस वर्ष श्राद्ध पक्ष 13 सितम्बर से 27 सितम्बर तक है. पूर्णिमा का श्राद्ध सम्मिलित करते हुए यह 12 सितम्बर से 27 सितम्बर तक सोलह दिवसीय है. 
                 श्राद्ध, पित्र ऋण से मुक्ति के लिए किया जाता है. प्रत्येक गृहस्थ अपने पित्रों को प्रसन्न करने के लिए इस श्राद्ध पक्ष में अपनी श्रद्धा अनुसार एवं यथा शक्ति ब्राह्मणों या जरूरत मंदों को भोजन कराते हैं , दान देते हैं और विभिन्न भेंट देकर उनसे अपने जीवन को खुशहाल बनाने के लिए आशीर्वाद प्राप्त करते हैं. 
                 वर्तमान में , श्राद्ध एक दिखावा मात्र प्रतीत होते हैं. ऐसे कई उदहारण देखने सुनने में आते हैं के लोग अपने पूज्य माता- पिता तक को अपने साथ रखने में शर्म महसूस करते हैं या असुविधा का अनुभव करते हैं. कुछ तो उन्हें वृद्ध आश्रम में भेज देते हैं या उन्हें घर से निकाल कर उनकी बेबसी पर रोता छोड़ देते हैं. कुछ माँ- बाप तो स्वयं ही वृद्ध आश्रम का वरण कर शांति और सुख से रहने लगते हैं. माता पिता को अपने से दूर करने वाले यदि उनकी मृत्यु के बाद उनका श्राद्ध करते हैं तो उसका कोई औचित्य प्रतीत नहीं होता. ऐसे लोगों द्वारा दिखावटी श्राद्ध करने से शुभाशीर्वाद की कामना करना बेमानी लगता है. श्राद्ध श्रद्धा का पर्व है. यदि हमारे ह्रदय में अपने पित्रों के प्रति श्रद्धा नहीं है तो हमारा उनके लिए किया गया श्राद्ध निरर्थक है. 
                यहाँ एक पुरानी कहावत का उल्लेख करना उचित समझता हूँ. 
                                                  " जियत पिता संग , जंगम जंगा , 
                                                     मरत पिता पहुंचाए गंगा. 
                                                     जियत पिता न पूछी बात , 
                                                     मरत पिता को दाल और भात."
                अतः, यदि हम अपने पित्रों को उनके जीवन काल में संतुष्ट रखें, उनकी यथा संभव सेवा करें, उन्हें पूर्ण आदर और श्रद्धा प्रदान करें तो मेरे विचार से उनकी मृत्यु के बाद उनका श्राद्ध करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.

No comments:

Post a Comment