Wednesday, 14 December 2016

धर्म के मायने
--------------
नर में नारायण का दर्श एवं उनकी सेवा- सुश्रुषा  ही मानव  का धर्म है। धर्म के रूप एवं अर्थ भिन्न- भिन्न हो सकते हैं किन्तु उद्देश्य और लक्ष्य सभी का एक ही होता है जिसे सत्य कहा जाता है। जैसे विभिन्न नदियाँ समुद्र में जाकर मिलती हैं वैसे ही सभी धर्म सत्य में समाहित हो जाते हैं। सत्य ही धर्म की आत्मा है।
              सत्य की प्राप्ति के लिए सदाचार ,सत्य -भाषण ,संवेदना ,दया ,मर्यादा ,परोपकार आदि सद्गुणों का होना अत्यावश्यक है।
              सरल रूप में, यदि हम अपना  कर्त्तव्य- पालन  भली-भांति करते हैं तो हम धर्मानुयायी कहे जा सकते हैं। धर्म मात्र पूजा- पाठ नहीं है। धर्म व्यापक अर्थ वाला शब्द है। तुलसीकृत श्रीरामचरितमानस धर्म का प्रायौगिक ग्रन्थ है जो हमें पग -पग पर अपने धर्म का दिग्दर्शन कराता  है। सदा धर्म की जय और अधर्म की पराजय होती है। ''धर्म  एव जयति न अधर्म : .''.                                    
                                                   देवेन्द्र  पाल  भटनागर  
                                               से. नि. प्रवक्ता एवं संरक्षक -श्री कालागढ़ सुन्दरकाण्ड  पाठ मण्डल
                                               248 ,वसुंधरा-3 ,गाज़ियाबाद।

Tuesday, 13 December 2016


 शर्म आने  लगी
-----------------
इंसानियत का विहग जब तन से उड़ा ,
तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।

संवेदना जब दिन -दहाड़े मर गयी ,
तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।

खिंच गयी दीवार जब रिश्तों के घर ,
तब मुझे खुद पर   शर्म आने लगी

नोंच डाला जब कली  को भ्रमर  ने ,
तब मुझे  खुद पर शर्म आने लगी।

 साधना पर  वासना जब हाबी  हुई ,
तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।

शहादत पर सियासत जब होने लगी ,
तब मुझे  खुद पर शर्म आने लगी।

जब दबंगों ने करी खादी अपावन ,
 तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।

चंद सिक्कों के लिए बने ग़द्दार जब ,
तब मुझे खुद पर  शर्म आने लगी।

राष्ट्र -ऋण से जब उऋण न हो सका ,
तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।
--------------------------------------
                       देवेन्द्र  पाल भटनागर ,
                 248 ,वसुन्धरा -3 ,गाज़ियाबाद

Tuesday, 15 November 2016

संकल्प
--------
मेरा व्यक्तित्व
एक अनसुलझी पहेली है।
भूलभुलैया  वाली
एक हवेली है।
मैं कब कैसा हो जाऊँ
कोई नहीं समझता है।
जितना मुझे समझता जो ,
वो उतना ही उलझता है।
मैं समर्पित हूँ देश  के वास्ते।
देश हित में खोजता मैं ,
नित नये  ही रास्ते।
भ्रष्टता का नाश
मेरा संकल्प है।
भारत का करना
अब काया कल्प है।
परिवर्तन में कष्ट
तो होगा ज़रूर ,
पर सिर  पीटेंगे ज़्यादा
जिन्हें धन का ग़ुरूर।
मैं नर में नारायण को ढूँढ रहा।
पददलितों की पग- धूलि को चूम रहा।
मुझे अधर्म का अंधकार मिटाना है ,
धर्म-ध्वजा को मन -मंदिर में फहराना है।
विनम्र निमन्त्रण देता हूँ
मैं जन -जन  को।
आओ ,मेरे साथ
अगर चाहते वतन को।
-------------------------------------------
                               देवेन्द्र पाल भटनागर
                                 248 ,वसुन्धरा -3 ,गाज़ियाबाद।

Friday, 28 October 2016

दीपावली की शुभ कामनाओं सहित -
                                  दो मुक्तक
                                -------------
१ -    हवाओं से कह दो ,हम दीवाली के दिये  हैं।
         सदियों से जल रहे हैं ,सदियों तक हम जलेंगे।
         नापाक इरादे वालों ,हमें मिटाने की सोचना मत।
        गीदड़ की भभकियों से ,न कभी डरे हैं ,और न डरेंगे।

२ -    अँधेरे पर उजाले की विजय ,यह पर्व दीवाली।
         दिलों में प्यार का संचार है ,यह पर्व दीवाली।
         मिटाने  को धरा से तम ,करें संकल्प हम सारे।
         ज्योतिर्मय पथ पर चलने का ,है यह पर्व दीवाली।

   (  जय  जवान --जय दीवाली।    तमसो मा ज्योतिर्गमय  )
   -------------------------------------------------------------------


  

Wednesday, 28 September 2016

bhajan

  श्री रामनवमी के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाओ सहित - भजन




मन का मयूरा मस्ताना हो गया ,
मैं तो राम नाम का दीवाना हो गया।

जिसने ये अनमोल माला जपी।
उसकी सोयी किस्मत जगी।
चरणों में प्रभु के ठिकाना हो गया ,
मैं तो ---------------------------

राम राम राम राम बोलो भक्तोँ ,
बिगड़ा नसीबा  बना लो भक्तों।
पुण्य कमाने का बहाना हो गया,
मैं तो -------------------------

खुद को शबरी बना  लो भक्तों ,
राम जी का दर्शन पा लो भक्तों।
भक्ति का अद्भुत फसाना  हो गया ,
मैं तो राम नाम का दीवाना हो गया।
--------------------------------------
देवेंद्र पाल भटनागर ,
वसुन्धरा, ग़ाज़ियाबाद
 

Thursday, 22 September 2016

ग़ज़ल
------
समय बहुमूल्य है ,न बर्बाद करें।
करें शुभ काम कुछ ऐसा ,कि लोग याद करें।
बढ़ती जा रही है घृणा के खण्डहरों की गिनती ,
आओ ,उन्हें हम प्यार से आबाद करें।
जो लिए घूमते हैं दोमुहें चेहरे ,
उनसे कभी कोई न फरियाद करें।
घर के मसलों को निबटायें ,अपने घर में ही,
कुछ झुकें ,कुछ झुकायें ,न विवाद करें।
------------------------------------------
                             देवेन्द्र पाल भटनागर
                        वसुन्धरा ,गाज़ियाबाद।

Saturday, 19 March 2016

सभी  को होली की शुभकामनाएं -
------------------------------------
              होली
           ----------
दिल से दिल मिलाने का त्योहार है होली ,
रूठों को मनाने का त्योहार  है होली।
प्रेम के रंग में रंगने का त्योहार है होली,
ख़ुशी में नाच -गाने का त्योहार है होली।
अहं का त्याग करने का त्योहार है होली ,
भाईचारा बढ़ाने का त्योहार है होली।
             ------------

Wednesday, 24 February 2016

कुछ नहीं चाहिए
-------------------
शिशु सा भोलापन,
किशोर सा अल्हड़पन ,
युवा सा शौर्य ,
वृद्ध सा गाम्भीर्य ,
अगर मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।

पर्वत सी ऊँचाई,
सागर सी गहराई ,
सूर्य सा तेज ,
पवन सा वेग ,
अगर मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।

व्योम सी व्यापकता ,
धरा सी धीरजता ,
नीर सी निर्मलता ,
पावक सी पावनता ,
अगर मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।

माता सा प्यार,
वृक्ष सा उपकार,
दधीचि सा त्याग,
देश प्रेम सा राग,
अगर मुझे मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।

काक सी चेष्टा ,
प्रह्लाद सी दृढ़ता ,
वकुल सा ध्यान ,
बुद्ध सा ज्ञान ,
अगर मुझे मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।
------------------------------
                            देवेन्द्र पाल भटनागर ,
                            3 /248 वसुन्धरा ,गाज़ियावाद।