Thursday, 29 September 2011

"ऐसे व्रत के क्या कहने?"


    ऐसे व्रत के क्या कहने?
    कष्ट पड़ें न कुछ सहने.
         "गुड मार्निंग" संग मिले बेड टी 
         "ब्रेकफास्ट" में नाना डिश.
          ड्राई-फ्रूट संग खीर हो बढ़िया, 
          जिसमें काजू और किशमिश
    "लंच" में साबूदाना खिचड़ी, 
    और दही संग आलू -फ्राई.
    पिस्ते- मावे की बर्फी हो, 
    रबड़ी हो या दूध मलाई. 
           "रिफ्रेशमेंट" में जूस और फल हों,
            फ्राई मखाने और बादाम. 
           "डिनर" में कोटू- सिंगाड़ा व्यंजन,
            अजब- गजब हों जिनके नाम. 
    "गुड नाइट" संग दूध केसरी, 
     नवरात्रों के क्या कहने!
     ऐसे व्रत के क्या कहने?
     कष्ट पड़ें न कुछ सहने.
             ऐसे व्रत निष्फल हैं भक्तों,
             जिनमें नहीं सयंम और त्याग. 
             "जय माता की " मन से बोलो, 
             जाग जायेंगे सब के भाग.
          -----------
        

"भगवान नज़र आएगा"


    क्या कोई संजीवनी 
    निर्धनता का घाव भर सकती है?
    क्या कोई नीति ,
    सामाजिक विषमता का विनाश कर सकती है?
    हाँ, हाँ ,क्यों नहीं?
    सब संभव है.
    नेताओं और मंत्रियों की,
    दिन -दूनी,रात- चौगुनी आमदनी पर
    अंकुश लगा दिया जाये. 
    उन्हें वी. आई. पी. से 
    जन-साधारण बना दिया जाये.
    उन्हें अर्श से फ़र्श पर
    गिरा दिया जाये.
    तब उन्हें ३२ और २६ का,
    गणित समझ आ जायेगा 
    और फिर हर भारतवासी ,
    उन्हें ०५ वर्ष में नहीं हर दिन 
    भगवान नज़र आएगा. 
     ---------

Tuesday, 27 September 2011

भगत सिंह जयन्ती पर विशेष : भगत सिंह - एक प्रेरक व्यक्तित्व



"लोग कहते हैं बदलता है ज़माना हरदम,
मर्द वो हैं जो ज़माने को बदल देते हैं. "

          सचमुच ऐसे ही थे शहीदे आज़म भगत सिंह जिन की जयन्ती आज समस्त राष्ट्र अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मना रहा है. भगत सिंह हमारे देश की आजादी की नींव के उन सशक्त पत्थरों में से एक हैं जिन पर हमारी और हमारे देश की आजादी आधारित है. आइये, देशभक्ति और सिंहत्व के संगम भगत सिंह के जीवन चरित्र  एवं देशभक्ति पर दृष्टिपात करें और जन- मानस में देशभक्ति का संचार करें तथा भगत सिंह के प्रति अपनी कृतज्ञता के सुमन अर्पित करें -
         " भगत सिंह का जन्म २८ सितम्बर ,१९०७ ,आश्विन शुक्ला त्रयोदशी संवत १९६४ विक्रमी शनिवार को प्रात; लगभग ९ बजे ग्राम बंगा जिला लायलपुर में हुआ था. यह स्थान अब पाकिस्तान में है .इनके पिता का नाम सरदार किशन सिंह और माता का नाम श्रीमती विद्यावती था. इनका पूरा परिवार देश की आज़ादी के लिए संघर्षरत था. इनके जन्म के समय इनके पिता एवं अन्य सम्बन्धियों की जेल से रिहाई हुई थी.इस कारण इन्हें बड़े भागों वाला यानि भाग्यवान कहा गया. इनकी दादी जयकौर ने इसी वज़ह से इनका नाम भगत सिंह रख दिया.
भगत सिंह एक मेधावी छात्र थे. कक्षा ४ में हीं इन्होने घर में रखी अजीत सिंह, सूफी अम्बा प्रसाद और लाला हरदयाल की लिखी लगभग ५० पुस्तकें पढ़ डाली थीं .प्राइमरी शिक्षा के बाद डी. ए. वी. स्कूल लाहौर में कक्षा ५ में इन्हें भर्ती किया गया. १९२१ में जब यह कक्षा ९ में थे ,असहयोग आन्दोलन से प्रेरित होकर इन्होने स्कूल छोड़ दिया और आन्दोलन में शामिल हो गए, बाद में नेशनल कॉलेज में भर्ती हो गए. १९२३ में इन्होने ऍफ़ .ए. पास किया.           
देशभक्ति की भावना बचपन से ही भगत सिंह के मन में कूट- कूट कर भरी हुई थी. जब ये चौथी कक्षा में थे ,विद्यार्थियों से पूछते कि तुम बड़े होकर क्या करोगे?कोई कहता-नौकरी करूँगा ,कोई कहता-दुकानदारी तो कोई खेती की बात करता किन्तु ये कहते कि मैं अंग्रेजों को देश से बाहर निकालूँगा.
          बचपन में घटी एक और घटना से इनके स्वातंत्र्य -प्रेम का परिचय मिलता है. जब ये लगभग तीन वर्ष के थे, इनके पिता अपने मित्र श्री मेहता नन्द किशोर के साथ खेत पर गए तो भगत सिंह जमीन में तिनके रोपने लगे. मेहता ने कहा - किशन सिंह, आपका बेटा तो अभी से किसान बन गया है और पौधे रोप  रहा है. पिता ने पूछा- क्या कर रहे हो भगत सिंह? भगत सिंह ने उत्तर दिया- बंदूकें बो रहा हूँ .
          भगत सिंह निर्भीकता और साहस कि साक्षात् प्रतिमा थे .अन्याय और अत्याचार का विरोध करना उनके व्यक्तित्व की एक विशेषता थी. क्रांतिकारियों ने जगह- जगह साइमन कमीशन का विरोध किया. लाहौर में भी ज़बरदस्त विरोध किया गया. विरोधियों पर पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किया गया. इस घटना में लाला लाजपतराय घायल हो गए और कुछ दिनों बाद उनकी मृत्यु हो गई.क्रांतिकारियों ने इसका बदला लिया.१७ दिसम्बर १९२८ को भगत सिंह ने राजगुरु एवं आजाद के साथ डिप्टी सुपरिटेंडेंट पुलिस सांडर्स को गोली से मार डाला जिसकी लाठी से लाला जी घायल हुए थे. 
          अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाने एवं साहस की एक और घटना ९ अप्रैल १९२९ की है. असेम्बली में दो बिल पास होने थे. एक पब्लिक सेफ्टी बिल जिसका मकसद युवक आन्दोलन को कुचलना था और दूसरा ट्रेड डिसप्यूट बिल जिसका उद्देश्य मजदूरों को हड़ताल के अधिकार से वंचित करना था. भगत सिंह ने बटुकेश्वर दत्त और चंद्रशेखर आज़ाद के साथ मिलकर इन बिलों का विरोध करने के लिए असेम्बली में पर्चे भी फेंके. यह कार्य भगत सिंह के साहस और निडरता का स्पष्ट प्रमाण है. 
          भगत सिंह ने इन्कलाब जिंदाबाद नारे की अपने ढंग से व्याख्या की. उन्होंने जस्टिस फोर्ड और जस्टिस एडीसन के सामने हाई कोर्ट लाहौर में अपनी अपील में इस नारे की व्याख्या करते हुए बताया कि इंक़लाब जिंदाबाद से हमारा यह उद्देश्य नहीं था जो आमतौर पर गलत अर्थ में समझा जाता है. पिस्तौल और बम इन्कलाब नहीं लाते बल्कि इन्कलाब की तलवार विचारों की सान पर तेज होती है. हमारे इन्कलाब का अर्थ पूंजीवाद और पूंजीवादी युद्धों की मुसीबतों का अंत करना है. 
          भगत सिंह की क्रांति का उद्देश्य समाजवाद की स्थापना करना था. उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रांति से हमारा प्रयोजन यह है कि अन्याय पर आधारित वर्तमान समाज व्यवस्था में परिवर्तन लाना और सर्वहारा वर्ग कीप्रभुता को मान्यता देना. 
          क्रांतिकारी होते हुए भी भगत सिंह का स्वभाव बहुत अच्छा था. उनका व्यक्तित्व बहुत महान था. वीरेन्द्र संधू के शब्दों में -"भगत सिंह के साहसी व क्रांतिकारी व्यक्तित्व को एक तरफ रख कर हम उनके व्यक्तित्व को स्वभाव के शीशे में देखें तो वे एक सरस , सजीव ,मसखरे ,सहृदय , संतुलित और उदार मानव थे. उनके जीवन का गहन विश्लेषण कर ऐसा लगता है कि वे ज्वाला , आँसूं और मुस्कान के तीर्थराज प्रयाग थे."
भगत सिंह कि माँ के शब्दों में - " उनका स्वभाव ऐसा था कि इंसान तो इंसान उन्हें तो जानवर भी बेहद प्यार करते थे. "
          प्रसिद्ध साहित्यकार पंडित बालकृष्ण शर्मा "नवीन" के अनुसार "किसी भी देश का युवक जितना सच्चा, चरित्रवान, वीर, संतोषी,आदर्शवादी,उत्सुक,निखरा हुआ तप्त स्वर्ण हो सकता है तो वह भगत सिंह ही है.." 
          भगत सिंह को दहीबड़े, केक और रसगुल्ले बहुत पसंद थे. रसगुल्ले देखकर तो उनकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहता था. लाहौर षड़यंत्र मुक़दमे के दिनों कि बात है- ९ अप्रैल १९३० को जतींद्र सान्याल ने अदालत से दरख्वास्त की कि रसगुल्लों का एक पार्सल बंगाल से आया है पर जेल अधिकारियों ने हमें यह कहकर उसे नहीं लेने दिया कि यह लेने लायक चीज़ नहीं है. भगत सिंह न्यायाधीश कि और मुखातिब हुए और निवेदन किया जिसका हिंदी अनुवाद इस प्रकार है -रसगुल्ले बाहर पड़े हें. क्या आप उनका निरीक्षण करने का कष्ट करेंगे ? यह एक सुन्दर दृश्य है . आप ज़रा उन्हें देखें तो. इन गवाहियों की अपेक्षा रसगुल्ले हमारे लिए अधिक महत्त्वपूर्ण हैं".भगत सिंह की बातें सुनकर सब हँस पड़े.
          भगत सिंह छुआछुत नहीं मानते थे. फाँसी से पहले उन्होंने जमादार के हाथ की बनाई रोटी प्रेम पूर्वक खायी थी. भगत सिंह ढोंग और आडम्बर के भी विरोधी थे .
          भगत सिंह के व्यक्तित्त्व की एक महत्त्वपूर्ण विशेषता यह थी कि वे एक अच्छे लेखक और पत्रकार भी थे. वह उद्देश्यवादी लेखक थे उनका उद्देश्य था जनता को क्रांति के लिए तैयार करना. अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए वे अपने कार्य को तीन भागों में बांटते थे -प्रथम, जनता के सीधे दिमाग पर हल्की चोट देकर उन्हें जगाना.दूसरे-जनता को जानकारी देना और तीसरा था - जनता को प्रेरणा देना कि जो कुछ दूसरों ने किया है वह तुम भी कर सकते हो.
          भगत सिंह अपने लेख को सुन्दर बनाने के लिए सूक्तियों का भी प्रयोग करते थे. जैसे-हों फ़रिश्ते भी फ़िदा जिन पर ये वो इन्सान हैं,आदि.
          उनकी पत्रकारिता के सम्बन्ध में उनके साथी श्री दीनानाथ ने लिखा है कि उनमें समाचार उत्पादन की अपूर्व क्षमता थी. वे समाचार की आत्मा को पहचानते थे. आपने  " प्रताप" के संपादन विभाग में भी काम किया था. 
          भगत सिंह का व्यक्तित्त्व देशभक्ति और सिंहत्व का संगम था. उनका क्रन्तिकारी व्यक्त्तित्व प्रत्येक देशभक्त के लिय अमर प्रेरक स्तम्भ है. विख्यात क्रांतिकारी जोगेश चन्द्र चटर्जी के शब्दों में -"क्रांतिकारी आन्दोलन में भगत सिंह का स्थान सबसे ऊँचा था. इसीलिए उनका नाम "शहीदे आज़म" हो गया." 
         वीरेन्द्र सन्धु के शब्दों में "रुसी आतंकवाद को क्रांति के पथ पर लाने के लिए जो काम महान लेनिन ने कियाथा,वह भारत की सशस्त्र  क्रांति के इतिहास में भगत सिंह ने किया.' 
निस्संदेह ,भगत सिंह का समूचा व्यक्तित्त्व प्रेरणादायक है. उनके ये शब्द कितने प्रेरणाप्रद हैं- "मेरा उद्देश्य तो यह है कि जनता शहीदों की कुर्बानियों और जीवन भर देश के ही काम में लगे रहने के उनके उदाहरणों से प्रेरणा हासिल करे और समय आने पर उस समय की परिस्थितयों को देखते हुए अपने कामों का स्वयं निर्णय करे."
         वास्तव में .हमें इन शब्दों से प्रेरणा लेनी  चाहिएऔर भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों और देशभक्तों के बलिदान के प्रतिफल में प्राप्त स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए सदा तत्पर रहना चाहिए. इसके निमित्त हमें चाहे तन-मन-धन और सर्वस्व ही क्यों न अर्पित करना पड़े.       
                   
** भारत माता क़ी जय **
   
         

Friday, 16 September 2011

"बरस वर्षा तू कुछ ऐसे"

बरस वर्षा तू कुछ ऐसे,
कि पत्थर भी पिघल जाए.
बुझे आतंक की ज्वाला,
कि उसका ताप मिट जाए.

           बरस वर्षा तू कुछ ऐसे,
           घृणा का मैल धुल जाए.
           बढ़े बन्धुत्व धरती पर,
           कि खूं में प्यार घुल जाए.

बरस वर्षा तू कुछ ऐसे,
ज़मीं यह स्वर्ग बन जाए.
करें सब देश की सेवा,
कि चाहे शीश कट जाए.
   -------

** पित्रों के प्रति श्रद्धा का पर्व हैं श्राद्ध **


                  प्रत्येक वर्ष आश्विन मास (क्वार) के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से अमावस्या तक का समय श्राद्ध पक्ष कहलाता है . प्रतिपदा से पूर्व पूर्णिमा को भी श्राद्ध पक्ष में गिना जाता है. इस प्रकार श्राद्ध पक्ष सोलह दिन का होता है. बोलचाल की भाषा में श्राद्ध को कनागत भी कहते हैं. इस वर्ष श्राद्ध पक्ष 13 सितम्बर से 27 सितम्बर तक है. पूर्णिमा का श्राद्ध सम्मिलित करते हुए यह 12 सितम्बर से 27 सितम्बर तक सोलह दिवसीय है. 
                 श्राद्ध, पित्र ऋण से मुक्ति के लिए किया जाता है. प्रत्येक गृहस्थ अपने पित्रों को प्रसन्न करने के लिए इस श्राद्ध पक्ष में अपनी श्रद्धा अनुसार एवं यथा शक्ति ब्राह्मणों या जरूरत मंदों को भोजन कराते हैं , दान देते हैं और विभिन्न भेंट देकर उनसे अपने जीवन को खुशहाल बनाने के लिए आशीर्वाद प्राप्त करते हैं. 
                 वर्तमान में , श्राद्ध एक दिखावा मात्र प्रतीत होते हैं. ऐसे कई उदहारण देखने सुनने में आते हैं के लोग अपने पूज्य माता- पिता तक को अपने साथ रखने में शर्म महसूस करते हैं या असुविधा का अनुभव करते हैं. कुछ तो उन्हें वृद्ध आश्रम में भेज देते हैं या उन्हें घर से निकाल कर उनकी बेबसी पर रोता छोड़ देते हैं. कुछ माँ- बाप तो स्वयं ही वृद्ध आश्रम का वरण कर शांति और सुख से रहने लगते हैं. माता पिता को अपने से दूर करने वाले यदि उनकी मृत्यु के बाद उनका श्राद्ध करते हैं तो उसका कोई औचित्य प्रतीत नहीं होता. ऐसे लोगों द्वारा दिखावटी श्राद्ध करने से शुभाशीर्वाद की कामना करना बेमानी लगता है. श्राद्ध श्रद्धा का पर्व है. यदि हमारे ह्रदय में अपने पित्रों के प्रति श्रद्धा नहीं है तो हमारा उनके लिए किया गया श्राद्ध निरर्थक है. 
                यहाँ एक पुरानी कहावत का उल्लेख करना उचित समझता हूँ. 
                                                  " जियत पिता संग , जंगम जंगा , 
                                                     मरत पिता पहुंचाए गंगा. 
                                                     जियत पिता न पूछी बात , 
                                                     मरत पिता को दाल और भात."
                अतः, यदि हम अपने पित्रों को उनके जीवन काल में संतुष्ट रखें, उनकी यथा संभव सेवा करें, उन्हें पूर्ण आदर और श्रद्धा प्रदान करें तो मेरे विचार से उनकी मृत्यु के बाद उनका श्राद्ध करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.

Tuesday, 13 September 2011

"14 सितंबर - हिन्दी दिवस"


14 सितंबर,2011-हिन्दी दिवस पर समस्त हिन्दी प्रेमियों को हार्दिक शुभकामनाएँ. अत्यन्त हर्ष का विषय है कि आज हम पुनः हिन्दी दिवस मना रहे हैं .प्रत्येक राष्ट्र का अपना ध्वज होता है,राष्ट्रगान होता है और अपनी भाषा होती है. राष्ट्र भाषा से तात्पर्य है किसी राष्ट्र की जनता की भाषा. 35 करोड़ से अधिक लोगों द्वारा बोली जाने वाली हिन्दी को राष्ट्रभाषा का सम्मान प्राप्त हुआ.14 सितंबर 1949 को हमारे संविधान निर्माताओं ने इसे राजभाषा के रूप में स्वीकार किया.उसी दिवस की याद में प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिन्दी दिवस मनाया जाता है.
        राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त ने लिखा है-'है भव्य भारत ही हमारी ,मातृभूमि हरीभरी. हिन्दी हमारी राष्ट्रभाषा और लिपि है नागरी'. प्रत्येक राष्ट्र के मनुष्यों को मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए राष्ट्रभाषा की आवश्यकता होती है. मनुष्य चाहे कितनी ही भाषाओं का ग्यान प्राप्त कर ले परंतु अपनी भवनाओं को व्यक्त करने के लिए उसे अपनी भाषा का सहारा लेना पड़ता है. सच्चा ग्यान,सच्चा सृजन और सच्चा शोध किसी पराई भाषा में बहुत उच्च स्तर का नही हो सकता है.
        हमे स्वतंत्र हुए लगभग 6 दशक से अधिक हो गये हैं किंतु बड़े खेद के साथ कहना पड़ रहा है कि हमारी अँग्रेजियत की मानसिकता अभी तक नहीं बदली है या हम बदलना नहीं चाह रहे हैं. हम अपनी राष्ट्रभाषा के उत्थान के लिएसमुचित उपाय नहीं कर रहे हैं. मात्र 14 सितंबर को हिन्दी दिवस मनाने से हिन्दी की उन्नति संभव नहीं है. संकीर्ण मानसिकता वाले लोग ही हिन्दी का विरोध करते रहते हैं .हमै उनसे सतर्क रहना चाहिए क्योंकि हिन्दी संसार की सबसे अधिक सरल ,मधुर एवं वैज्ञानिक भाषा है. उसकी अपनी लिपि है ,व्याकरण है. हमे उदार हृदय से हिन्दी को अपनाना चाहिए क्योंकि किसी भी राष्ट्र की उन्नति के लिए उसकी भाषा की उन्नति का होना अत्यंत आवश्यक है.
        राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ने भी हिन्दी को राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिष्ठित करने की आवश्यकता के सन्दर्भ में कहा था -"मैं हमेशा यह मानता रहा हूँ की हम किसी भी हालत में प्रांतीय भाषाओं को नुकसान पहुँचाना या मिटाना नहीं चाहते .हमारा मतलब तो सिर्फ़ यह है कि विभिन्न प्रांतों के पारस्परिक संबंध के लिए हम हिन्दी भाषा सीखै. ऐसा कहने से हिन्दी के प्रति हमारा कोई पक्षपात प्रकट नहीं होता . हिन्दी को हम राष्ट्रभाषा मानते हैं. वह राष्ट्रीयहोने के लायक है.
        "केंद्र सरकार का हिन्दी निदेशालय ,नागरी प्रचारिणी सभा तथा हिन्दी साहित्य सम्मेलन आदि अनेक संस्थान हिन्दी के विकास में कार्य कर रहे हैं फिर भी हम प्रत्येक भारतवासी का कर्तव्य है क़ि हम अपने कार्य एवं व्यवहार में अधिक से अधिक हिन्दी का प्रयोग करै.
         अंत में, मैं कविवर भारतेंदु हरिश्चंद्रजी की "मातृभाषा" शीर्षक कविता की दो पंक्तियों का उल्लेख करना चाहूँगा -
                                "निज भाषा उन्नति अहे, सब उन्नति को मूल,
                                 बिन निज भाषा ग्यान के, न हिय को सूल".
        नोट -यह साधारण लेख उन लोगों के लिए है जिन्है हिन्दी दिवस की जानकारी नहीं है.

Tuesday, 6 September 2011

"वर दे"


ग़रीब जनता की नुमाइंदगी करने वालों की संपन्नता से चकित हो प्रतिक्रिया स्वरूप एक हास्य - व्यंग्य रचना-
हे कृपालु करुणा के सागर,
मुझ पर एक कृपा तू कर दे.
नेता जी की कन्या के संग,
एक बार तू मुझ को 'वर दे'.
       चंद्रा -ज्योत्सना सी हो उज्ज्वल,
       अथवा आबनूस सी काली.
       सर्वगुण संपन्न हो चाहे,
       अवगुण की हो ख़ान निराली.
       खालिस हो या हो सॅप्रेटा,
       मेरा भाग्या कलश तू भर दे.
       हे कृपालु करुणा के सागर,
       मुझ पर एक कृपा तू कर दे.
निष्ठुर हो या मेहेरवान हो,
चाहे जैसा खानदान हो.
सींक -सलाई सी हो पतली,
या टुनटुन सी पहलवान हो.
जीवन की गाड़ी में भगवन,
पहियों का इंतज़ाम तू कर दे.
हे कृपालु करुणा के सागर,
मुझ पर एक कृपा तू कर दे.
       लक्ष्मी का अवतार मानकर्,
       मैं उसकी अर्चना करूँगा.
       सिद्ध -मन्त्र सा उसे प्रयोग कर,
       मैं खाली भंडार भरूंगा.
       नेता जी के 'गुडलक' का प्रभु,
       मुझको हिस्सेदार तू कर दे.
हे कृपालु करुणा के सागर,
मुझ पर एक कृपा तू कर दे.
नेता जी की कन्या के संग,
एक बार तू मुझ को 'वर दे'.
     ----------

Sunday, 4 September 2011

'शिक्षक दिवस पर शपथ लें'



05 सितंबर 2011, शिक्षक दिवस पर समस्त शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएँ.
       शिक्षक समाज एवम राष्ट्र का निर्माता कहा जाता है किंतु भौतिकतावादी इस वर्तमान युग में उसके इस पूर्व प्रतिष्ठित रूप में प्रश्नचिह्न लग गया है. अतः आवश्यक है कि हम शिक्षक स्वयं को समाज एवं राष्ट्र के पुनर्निर्माण हेतु पुनः समर्पित करै और शपथ लें -
       मैं शपथ लेता हूँ कि मैं एक शिक्षक के रूप में अपने कर्त्तव्यों का समग्र रूप से पालन करूँगा. मैं अपने छात्र -छात्राओं से मातृ -पितृवत व्यवहार करूँगा और बिना किसी भेदभाव के उनके सर्वांगीण विकास एवं उनके जीवन को स्वर्णिम बनाने के लिए सदैव प्रयत्नशील रहूँगा. शिक्षा के व्यवसायीकरण को रोकने के लिए मैं यथासंभव प्रयत्न करूँगा. मैं उन्हें ट्यूशन के लिए बाध्य नहीं करूँगा .
       मैं विभिन्न व्यसनों से स्वयं को निर्लिप्त रख ,अपने शिक्षार्थियों को भी इनसे बचने के लिए प्रेरित करूँगा.मैं ज्ञानांजन की शलाका से अपने विद्यार्थियों के बाह्य एवं आंतरिक दोनों नेत्रों का उन्मीलन करूँगा.
       मैं श्रद्धा का पात्र बनने के लिए आवश्यक आदर्श व्यक्तित्व के समस्त गुणों को आत्मसात कर अपने शिक्षार्थियों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करूँगा .
        हम सुधरेंगे, जग सुधरेगा.

'पवित्र रिश्ता'

'पवित्र रिश्ता है', शिक्षक और शिक्षार्थी का,
संबंध है दोनों का, 'दिया ओर बाती' का.
'रिश्तों के भंवर में', आज गुम हो गये दोनों,
पहचानना कठिन है चेहरा, अपने का,विश्वासघाती का