Wednesday, 14 December 2016

धर्म के मायने
--------------
नर में नारायण का दर्श एवं उनकी सेवा- सुश्रुषा  ही मानव  का धर्म है। धर्म के रूप एवं अर्थ भिन्न- भिन्न हो सकते हैं किन्तु उद्देश्य और लक्ष्य सभी का एक ही होता है जिसे सत्य कहा जाता है। जैसे विभिन्न नदियाँ समुद्र में जाकर मिलती हैं वैसे ही सभी धर्म सत्य में समाहित हो जाते हैं। सत्य ही धर्म की आत्मा है।
              सत्य की प्राप्ति के लिए सदाचार ,सत्य -भाषण ,संवेदना ,दया ,मर्यादा ,परोपकार आदि सद्गुणों का होना अत्यावश्यक है।
              सरल रूप में, यदि हम अपना  कर्त्तव्य- पालन  भली-भांति करते हैं तो हम धर्मानुयायी कहे जा सकते हैं। धर्म मात्र पूजा- पाठ नहीं है। धर्म व्यापक अर्थ वाला शब्द है। तुलसीकृत श्रीरामचरितमानस धर्म का प्रायौगिक ग्रन्थ है जो हमें पग -पग पर अपने धर्म का दिग्दर्शन कराता  है। सदा धर्म की जय और अधर्म की पराजय होती है। ''धर्म  एव जयति न अधर्म : .''.                                    
                                                   देवेन्द्र  पाल  भटनागर  
                                               से. नि. प्रवक्ता एवं संरक्षक -श्री कालागढ़ सुन्दरकाण्ड  पाठ मण्डल
                                               248 ,वसुंधरा-3 ,गाज़ियाबाद।

Tuesday, 13 December 2016


 शर्म आने  लगी
-----------------
इंसानियत का विहग जब तन से उड़ा ,
तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।

संवेदना जब दिन -दहाड़े मर गयी ,
तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।

खिंच गयी दीवार जब रिश्तों के घर ,
तब मुझे खुद पर   शर्म आने लगी

नोंच डाला जब कली  को भ्रमर  ने ,
तब मुझे  खुद पर शर्म आने लगी।

 साधना पर  वासना जब हाबी  हुई ,
तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।

शहादत पर सियासत जब होने लगी ,
तब मुझे  खुद पर शर्म आने लगी।

जब दबंगों ने करी खादी अपावन ,
 तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।

चंद सिक्कों के लिए बने ग़द्दार जब ,
तब मुझे खुद पर  शर्म आने लगी।

राष्ट्र -ऋण से जब उऋण न हो सका ,
तब मुझे खुद पर शर्म आने लगी।
--------------------------------------
                       देवेन्द्र  पाल भटनागर ,
                 248 ,वसुन्धरा -3 ,गाज़ियाबाद