Sunday, 11 November 2012

               अनोखी  दीवाली 
आओ अनोखी दीवाली मनायें ,
अँधेरा नफरत का जहाँ से मिटायें ,
मोहब्बत का सागर हिलोरें ले दिल में ,
चेहरों से सबके उदासी हटायें .
आओ -------------------------------.
मिलजुल कर दीपक जलायें  ख़ुशी से,
अमन -चैन से खूब ठहाके लगायें ,
अँधेरा विषमता का ढूंढे मिले न ,
हर कण को ऐसा हम जगमगायें .
आओ --------------------------------.
मंहगाई ,बेरोजगारी,गरीबी हैं कैंसर,
हौसले के पटाखों से इनको भगायें ,
आतंकियों से ,मिलकर लें लोहा,
एकता के बमों से छक्के छुड़ायें .
आओ--------------------------------.
कर रहे देश को खोखला जो भी अपने ,
पहले उन्हीं को सबक हम सिखायें ,
दीवाली मनाते  हम जिनकी यादों में,
उनके आदर्शों पर चलकर दिखायें .
आओ अनोखी दीवाली मनायें ,
अँधेरा नफरत का जहाँ से मिटायें .

       ------------

नोट -सभी को दीवाली की हार्दिक शुभकामनाएँ .

Friday, 14 September 2012

"दो क्षणिकाएं"

 १.......मानसून कमजोर पड़ गया,
        मंहगाई का पारा चढ़ गया.
        डीज़ल-गैस में लग गई आग,
        भाग गरीब भारत से भाग.

२......तुम रेट बढाकर,सबको सताओ,
        हम विरोध में शोर मचायें.
        कुछ तुम झुको,कुछ हम झुकें,
        आओ,जनता को मूर्ख बनायें.
            --------------

Saturday, 1 September 2012

   "उलझन "
----------------
उलझन है बड़ी,
मुसीबत की घड़ी .
ईमानदार बनो ,
तो भूखों मरो।
बेईमान बनो ,
तो जेल में सड़ो .
अतः नेताओं से लेने पड़ेंगे 
कुछ' टिप्स' .
मोटे हैं जिनके 
तोंद और' हिप्स '.
निडर हो करते रहते हैं घोटाले,
किसकी हिम्मत है ,
जो उन पर तिरछी नज़र डाले .
कभी विपक्ष के हल्ले से 
उन्हें हो भी जाती है जेल 
तो कुछ समय बाद ही उन्हें 
मिल जाती है 'बेल'।
उनके लिए तो जेल भी 
फाइव  स्टार होटल से कम नहीं होती,
वहां भी उनकी ससुराल की तरह 
खूब खातिर है होती।
न्यूज़ चैनलों और अख़बारों में 
वे कुछ दिन रहते हैं 
'लाइम लाइट' में।
धनबल से हरा देते हैं वे ,
सबको हर 'फाइट' में।
'सत्यमेव जयते' 
दर्शन है या नारा .
अपनी दुर्दशा पर 
खुद रो रहा है बेचारा .
कुछ बातें कहने -सुनने में 
अच्छी लगती हैं,
पर हकीकत में वो 
जले पर नमक छिड़कती हैं .
इसी उलझन में ,
हर मानव पड़ा है .
पर शासन-प्रशासन तो 
चिकना घड़ा है।
किसी को न जनता की  
चिन्ता है पड़ी।
उन्हें अपना बैलेंस 
बढ़ाने   की पड़ी .
   --------

Tuesday, 14 August 2012


 "देशगान"

आओ हम सब देशप्रेम के गीत अनूठे गायें.
देवों की प्रिय मातृभूमि हम तुझको शीश नवायें.
          धरती से अम्बर तक जैसे एक प्रभु की रचना,
          पूरब-पश्चिम,उत्तर-दक्षिण एक है भारत अपना.             
ऊँच-नीच का भेद मिटाकर, सबको गले लगायें. 
आओ हम सब देशप्रेम के गीत अनूठे गायें.
           कर्म की शिक्षा देती अपनी ज्ञानदायिनी गीता.
           धर्म की राह चला जो मानव युद्ध उसी ने जीता.
हम अधर्म का दानव अपनी भू से दूर भगायें.
आओ हम सब देशप्रेम के गीत अनूठे गायें.
            कलुष  मिटाया करती अपनी पावन सलिला गंगा. 
            आज़ादी का ज्ञान करता अपना प्रिय तिरंगा.
झुकने न देंगे यह झण्डा प्राण भले ही जायें.
आओ हम सब देशप्रेम के गीत अनूठे गायें.
                      ------------ 
                                                               

Friday, 27 July 2012

विजयी भव


करतल ध्वनि से हम करते है ,
भारतीय दल का उत्साह वर्धन,
ओलिम्पिक के महा कुम्भ में ,
लक्ष्य पदक हो, न  मनोरंजन.
सभी प्रतिभागी श्रेष्ठ दें  अपना,
सच हो पदक प्राप्ति का सपना .
स्पर्धा है कठिन, न असंभव,
'विजयी भव' का हो महागुन्जन .
हम सब की शुभकामनाएँ तुम्हें हैं .
'लन्दन' में हो प्रतिदिन अभिनन्दन .
-----------------------------------

Monday, 23 July 2012

" टेंशन "


बत्ती गुल,
टेंशन फुल.
उस पर सड़ी गर्मी,
और बारिश का न होना.
मुश्किल हो गया ,
कम्बख्त जीना.
तन पसीना- पसीना,
मन झीना-झीना.
दूजे कुदरत का अंधेर,
कहीं बिल्कुल सूखा,
कहीं बरखा है ढेर.
यह विषमता ही है,
हर समस्या की जननी.
फासलों की खाई ,
है हम सब को भरनी.
विषमता मिटेगी जब,
तब आयेगा समाजवाद.
कहेंगे ख़ुशी से सब,
हम हैं पूर्ण आज़ाद.

Tuesday, 3 July 2012

                      

                        "देशगान"

आओ हम सब देशप्रेम के गीत अनूठे गायें.
देवों की प्रिय मातृभूमि हम तुझको शीश नवायें.
          धरती से अम्बर तक जैसे एक प्रभु की रचना,
           वैसे ही पूरब-पश्चिम,उत्तर-दक्षिण एक है भारत अपना.
उंच-नीच का भेद मिटाकर, सबको गले लगायें.
आओ हम सब देशप्रेम के गीत अनूठे गायें.
           कर्म की शिक्षा देती अपनी ज्ञानदायिनी गीता.
           धर्म की राह चला जो मानव युद्ध उसी ने जीता.
हम अधर्म का दानव अपनी भू से दूर भगायें.
आओ हम सब देशप्रेम के गीत अनूठे गायें.
            कलुष  मिटाया करती अपनी पावन सलिला गंगा. 
            आज़ादी का ज्ञान करता अपना प्रिय तिरंगा.
झुकने न देंगे यह झण्डा प्राण भले ही जायें.
आओ हम सब देशप्रेम के गीत अनूठे गायें.
                      ------------ 
                                                               

Sunday, 13 May 2012

                   माँ


धरा पर प्रभु की प्रतीति है माँ.
दुःख में सुख की अनुभूति है माँ.
       संतति में निहित है अस्तित्व जिसका,
       प्रत्यक्ष ममता की मूर्ति है माँ.
       धरा पर .................
त्रय तापों से बच्चों को प्रतिपल बचाये,
अक्षय-शीतल आँचल की पूर्ति है माँ.
धरा पर ..................
       अहर्निश सेवा प्रिय धर्म जिसका,
       सक्रियता की देवी,स्फूर्ति है माँ.
       धरा पर ................
कभी जो है ब्रह्मा, कभी विष्णु-शिव जो,
आदि गुरु है,अनूठी है माँ.
धरा पर ....................
        चुका न सका ऋण ,कभी कोई जिसका,
        ऐसी अलौकिक विभूति है माँ.
धरा पर प्रभु की प्रतीति है माँ.
दुःख में सुख की अनुभूति है माँ.
     ------------------------
                  

                 देवेन्द्र पाल भटनागर 
                 11/145, वसुंधरा,
                  ग़ाज़ियाबाद, य़ू पी.

नोट-ममतामयी माँ को साष्टांग प्रणाम.सभी माताओं को अच्छे स्वास्थ्य एवं सुखी जीवन की शुभकामनाएँ.

Wednesday, 18 April 2012

** दोहे निर्मलता के **

तन को सब निर्मल करें,मन को करे न कोय.
जो मन को निर्मल करे,काहे मुसीबत होय.
                                                     
औरों के ग्रह देखते,अपने लखे न कोय.
जो अपने ग्रह देखते,कभी न दुर्गति होय.
                                                  
कृपा-शक्ति के मंत्र ने,किया जो मालामाल.
वही मंत्र उल्टा पड़ा,बना जी का जंजाल.
                                                  
कथनी -करनी एक हो,दुखी रहे न कोय.
निर्मल तन- मन हो यदि,प्रभु की कृपा होय.
                                                    
कुकुरमुत्तों सा बढ़ रहा, बाबाओं का जाल.
बाबा सब मस्ती करें,भक्त हुए कंगाल.

अपनी झोली सब भरें,परहित करे न कोय.
परहित करे निःस्वार्थ जो,सच्चा साधु सोय.
                                                         

Tuesday, 6 March 2012

"होली रे मनाओ"

होली का हुडदंग,मन में भरी उमंग. 
झूमो, नाचो,गाओ,होली रे मनाओ.
होती रंगों की वर्षा,देखो सबका मन हर्षा,
"होली है"का शोर मचाओ,होली रे मनाओ.
चेहरों का बुरा हाल,कभी रंग,कभी गुलाल,
सबको गले लगाओ,होली रे मनाओ.
ब्रज में मस्ती और धमाल,हँस-हँस के बुरा हाल,
फाग मिलके सब गाओ,होली रे मनाओ.
गुजिया,पापड़ ,षटरस खाओ,देवर-भाभी मौज मनाओ,
मिलके ठुमके लगाओ,होली रे मनाओ.
अद्भुत ईश्वर कीशक्ति,प्रह्लाद की भक्ति,
सब हरि गुण गाओ,होली रे मनाओ. 
          ---------

नोट-सभी को होली  की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें.

Thursday, 2 February 2012

क्षणिका- " मतदान "

मत दान करो ,कुपात्र को.
मतदान करो , सुपात्र को.
   -----------------                                                  

Wednesday, 25 January 2012

"मात्र-भू तुझको प्रणाम"


देवभूमि ,पुण्यभूमि ,पित्र - भू तुझको प्रणाम.
स्वर्ग से बढ़कर है तू, हे  मात्र -भू तुझको प्रणाम .
 तेरे यश की रश्मियाँ हीं,सूर्य-चंदा की किरन,
 तेरी ही भू पर है अनुपम,संस्कृतियों का मिलन.
 ताज भी है और कवच भी, हिमगिरि तेरा ललाम.
 स्वर्ग से बढ़कर है तू,हे मात्र-भू तुझको प्रणाम. 
ज्ञान का आलोक तूने ही प्रथम जग में बिखेरा,
इन्द्रधनुषी चित्र है तू  ,ईश है तेरा चितेरा.
चरण तेरे सिन्धु धोता ,पवन गाती तेरा नाम.
स्वर्ग से बढ़कर है तू , हे मात्र भू तुझको प्रणाम.
 तेरे उपवन में खिले हैं ,विविध रंगों के सुमन,
हिन्दू- मुस्लिम,सिख-ईसाई, सब तुझे करते नमन.
 तू ही अल्ला, तू ही ईसा,तू ही नानक ,तू ही राम.
 स्वर्ग से बढ़कर है तू  ,हे मात्र-भू तुझको प्रणाम.
देवभूमि, पुण्यभूमि,पित्र-भू तुझको प्रणाम.
स्वर्ग से बढ़कर है तू,हे मात्र-भू तुझको प्रणाम.
                        --------------
नोट-सभी देशवासियों को गणतंत्र-दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.
     

Thursday, 19 January 2012


दबंग

हम हैं  दबंग ,
हम हैं नर-भुजंग.
हम में है दम,
हम नहीं किसी से कम.
हम हैं रसूखदार,
हम से ही चलती है सरकार
सड़क से संसद तक,
हमारा है बोलबाला.
हमें पसंद है 'गेम',
'हाई लेवल'घोटाला.
शासन-प्रशासन,
हमारे सम्मुख हैं असहाय.
किसकी हिम्मत है,
जो हमसे टकराए.
आपको चाहिए यदि कोई ,
'लाइसेंस' या 'परमीशन'.
एम. बी. ए.,मेडिकल,
या इंजीनियरिंग में 'एडमीशन'.
हम से करें 'कान्टेक्ट'.
हमारे पास हर समस्या का ,
'सोल्यूशन'है' परफेक्ट'.
हम मौत के भी हैं सौदागर,
यमराज हैं अपने भाई- बिरादर.
जिस किसी को करना हो ठंडा,
हमारे पास है हर पावर का डंडा.
हम पैसे के लिए,
कुछ भी कर सकते हैं.
हम आदमी से नहीं ,
पैसे से प्यार करते हैं.
---------------------