Wednesday, 18 February 2015

परिचय
---------
परिचय के मोहताज बनो मत ,
श्रेष्ठ और गुणवान बनो.
परिचय खुद ही हो जायेगा ,
तुम अच्छे इंसान बनो।

मात -पिता की सेवा करके ,
तुम अच्छी सन्तान बनो.
नाम करो तुम घर का रोशन ,
अपने कुल की शान बनो।

विद्या -विनय सम्पन्न बनो तुम ,
उपकारी-विद्वान बनो।
सभी तुम्हें निज आदर्श माने ,
ऐसी तुम पहचान बनो।

सभी जगह स्वागत हो तुम्हारा ,
अद्भुत तुम मेहमान बनो।
श्रान्ति -क्लान्ति मिट जाये सबकी ,
सुरभित तुम उद्यान बनो।

सज्जन और सुशील बनो तुम ,
यशस्वी और महान बनो।
पर सेवा हो धर्म तुम्हारा ,
किन्तु नहीं भगवान बनो।
-----------------------------
                                 देवेन्द्र  भटनागर
                         248 ,वसुन्धरा  सेक्टर 3 ,गाजियाबाद।