"लोग कहते हैं बदलता है ज़माना हरदम,
मर्द वो हैं जो ज़माने को बदल देते हैं. "
सचमुच ऐसे ही थे शहीदे आज़म भगत सिंह जिन की जयन्ती आज समस्त राष्ट्र अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मना रहा है. भगत सिंह हमारे देश की आजादी की नींव के उन सशक्त पत्थरों में से एक हैं जिन पर हमारी और हमारे देश की आजादी आधारित है. आइये, देशभक्ति और सिंहत्व के संगम भगत सिंह के जीवन चरित्र एवं देशभक्ति पर दृष्टिपात करें और जन- मानस में देशभक्ति का संचार करें तथा भगत सिंह के प्रति अपनी कृतज्ञता के सुमन अर्पित करें -
" भगत सिंह का जन्म २८ सितम्बर ,१९०७ ,आश्विन शुक्ला त्रयोदशी संवत १९६४ विक्रमी शनिवार को प्रात; लगभग ९ बजे ग्राम बंगा जिला लायलपुर में हुआ था. यह स्थान अब पाकिस्तान में है .इनके पिता का नाम सरदार किशन सिंह और माता का नाम श्रीमती विद्यावती था. इनका पूरा परिवार देश की आज़ादी के लिए संघर्षरत था. इनके जन्म के समय इनके पिता एवं अन्य सम्बन्धियों की जेल से रिहाई हुई थी.इस कारण इन्हें बड़े भागों वाला यानि भाग्यवान कहा गया. इनकी दादी जयकौर ने इसी वज़ह से इनका नाम भगत सिंह रख दिया.
भगत सिंह एक मेधावी छात्र थे. कक्षा ४ में हीं इन्होने घर में रखी अजीत सिंह, सूफी अम्बा प्रसाद और लाला हरदयाल की लिखी लगभग ५० पुस्तकें पढ़ डाली थीं .प्राइमरी शिक्षा के बाद डी. ए. वी. स्कूल लाहौर में कक्षा ५ में इन्हें भर्ती किया गया. १९२१ में जब यह कक्षा ९ में थे ,असहयोग आन्दोलन से प्रेरित होकर इन्होने स्कूल छोड़ दिया और आन्दोलन में शामिल हो गए, बाद में नेशनल कॉलेज में भर्ती हो गए. १९२३ में इन्होने ऍफ़ .ए. पास किया.
बचपन में घटी एक और घटना से इनके स्वातंत्र्य -प्रेम का परिचय मिलता है. जब ये लगभग तीन वर्ष के थे, इनके पिता अपने मित्र श्री मेहता नन्द किशोर के साथ खेत पर गए तो भगत सिंह जमीन में तिनके रोपने लगे. मेहता ने कहा - किशन सिंह, आपका बेटा तो अभी से किसान बन गया है और पौधे रोप रहा है. पिता ने पूछा- क्या कर रहे हो भगत सिंह? भगत सिंह ने उत्तर दिया- बंदूकें बो रहा हूँ .
भगत सिंह निर्भीकता और साहस कि साक्षात् प्रतिमा थे .अन्याय और अत्याचार का विरोध करना उनके व्यक्तित्व की एक विशेषता थी. क्रांतिकारियों ने जगह- जगह साइमन कमीशन का विरोध किया. लाहौर में भी ज़बरदस्त विरोध किया गया. विरोधियों पर पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किया गया. इस घटना में लाला लाजपतराय घायल हो गए और कुछ दिनों बाद उनकी मृत्यु हो गई.क्रांतिकारियों ने इसका बदला लिया.१७ दिसम्बर १९२८ को भगत सिंह ने राजगुरु एवं आजाद के साथ डिप्टी सुपरिटेंडेंट पुलिस सांडर्स को गोली से मार डाला जिसकी लाठी से लाला जी घायल हुए थे.
अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाने एवं साहस की एक और घटना ९ अप्रैल १९२९ की है. असेम्बली में दो बिल पास होने थे. एक पब्लिक सेफ्टी बिल जिसका मकसद युवक आन्दोलन को कुचलना था और दूसरा ट्रेड डिसप्यूट बिल जिसका उद्देश्य मजदूरों को हड़ताल के अधिकार से वंचित करना था. भगत सिंह ने बटुकेश्वर दत्त और चंद्रशेखर आज़ाद के साथ मिलकर इन बिलों का विरोध करने के लिए असेम्बली में पर्चे भी फेंके. यह कार्य भगत सिंह के साहस और निडरता का स्पष्ट प्रमाण है.
भगत सिंह ने इन्कलाब जिंदाबाद नारे की अपने ढंग से व्याख्या की. उन्होंने जस्टिस फोर्ड और जस्टिस एडीसन के सामने हाई कोर्ट लाहौर में अपनी अपील में इस नारे की व्याख्या करते हुए बताया कि इंक़लाब जिंदाबाद से हमारा यह उद्देश्य नहीं था जो आमतौर पर गलत अर्थ में समझा जाता है. पिस्तौल और बम इन्कलाब नहीं लाते बल्कि इन्कलाब की तलवार विचारों की सान पर तेज होती है. हमारे इन्कलाब का अर्थ पूंजीवाद और पूंजीवादी युद्धों की मुसीबतों का अंत करना है.
भगत सिंह की क्रांति का उद्देश्य समाजवाद की स्थापना करना था. उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रांति से हमारा प्रयोजन यह है कि अन्याय पर आधारित वर्तमान समाज व्यवस्था में परिवर्तन लाना और सर्वहारा वर्ग कीप्रभुता को मान्यता देना.
क्रांतिकारी होते हुए भी भगत सिंह का स्वभाव बहुत अच्छा था. उनका व्यक्तित्व बहुत महान था. वीरेन्द्र संधू के शब्दों में -"भगत सिंह के साहसी व क्रांतिकारी व्यक्तित्व को एक तरफ रख कर हम उनके व्यक्तित्व को स्वभाव के शीशे में देखें तो वे एक सरस , सजीव ,मसखरे ,सहृदय , संतुलित और उदार मानव थे. उनके जीवन का गहन विश्लेषण कर ऐसा लगता है कि वे ज्वाला , आँसूं और मुस्कान के तीर्थराज प्रयाग थे."
भगत सिंह कि माँ के शब्दों में - " उनका स्वभाव ऐसा था कि इंसान तो इंसान उन्हें तो जानवर भी बेहद प्यार करते थे. "
प्रसिद्ध साहित्यकार पंडित बालकृष्ण शर्मा "नवीन" के अनुसार "किसी भी देश का युवक जितना सच्चा, चरित्रवान, वीर, संतोषी,आदर्शवादी,उत्सुक,निखरा हुआ तप्त स्वर्ण हो सकता है तो वह भगत सिंह ही है.."
भगत सिंह को दहीबड़े, केक और रसगुल्ले बहुत पसंद थे. रसगुल्ले देखकर तो उनकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहता था. लाहौर षड़यंत्र मुक़दमे के दिनों कि बात है- ९ अप्रैल १९३० को जतींद्र सान्याल ने अदालत से दरख्वास्त की कि रसगुल्लों का एक पार्सल बंगाल से आया है पर जेल अधिकारियों ने हमें यह कहकर उसे नहीं लेने दिया कि यह लेने लायक चीज़ नहीं है. भगत सिंह न्यायाधीश कि और मुखातिब हुए और निवेदन किया जिसका हिंदी अनुवाद इस प्रकार है -रसगुल्ले बाहर पड़े हें. क्या आप उनका निरीक्षण करने का कष्ट करेंगे ? यह एक सुन्दर दृश्य है . आप ज़रा उन्हें देखें तो. इन गवाहियों की अपेक्षा रसगुल्ले हमारे लिए अधिक महत्त्वपूर्ण हैं".भगत सिंह की बातें सुनकर सब हँस पड़े.
भगत सिंह छुआछुत नहीं मानते थे. फाँसी से पहले उन्होंने जमादार के हाथ की बनाई रोटी प्रेम पूर्वक खायी थी. भगत सिंह ढोंग और आडम्बर के भी विरोधी थे .
भगत सिंह के व्यक्तित्त्व की एक महत्त्वपूर्ण विशेषता यह थी कि वे एक अच्छे लेखक और पत्रकार भी थे. वह उद्देश्यवादी लेखक थे उनका उद्देश्य था जनता को क्रांति के लिए तैयार करना. अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए वे अपने कार्य को तीन भागों में बांटते थे -प्रथम, जनता के सीधे दिमाग पर हल्की चोट देकर उन्हें जगाना.दूसरे-जनता को जानकारी देना और तीसरा था - जनता को प्रेरणा देना कि जो कुछ दूसरों ने किया है वह तुम भी कर सकते हो.
भगत सिंह अपने लेख को सुन्दर बनाने के लिए सूक्तियों का भी प्रयोग करते थे. जैसे-हों फ़रिश्ते भी फ़िदा जिन पर ये वो इन्सान हैं,आदि.
उनकी पत्रकारिता के सम्बन्ध में उनके साथी श्री दीनानाथ ने लिखा है कि उनमें समाचार उत्पादन की अपूर्व क्षमता थी. वे समाचार की आत्मा को पहचानते थे. आपने " प्रताप" के संपादन विभाग में भी काम किया था.
भगत सिंह का व्यक्तित्त्व देशभक्ति और सिंहत्व का संगम था. उनका क्रन्तिकारी व्यक्त्तित्व प्रत्येक देशभक्त के लिय अमर प्रेरक स्तम्भ है. विख्यात क्रांतिकारी जोगेश चन्द्र चटर्जी के शब्दों में -"क्रांतिकारी आन्दोलन में भगत सिंह का स्थान सबसे ऊँचा था. इसीलिए उनका नाम "शहीदे आज़म" हो गया."
वीरेन्द्र सन्धु के शब्दों में "रुसी आतंकवाद को क्रांति के पथ पर लाने के लिए जो काम महान लेनिन ने कियाथा,वह भारत की सशस्त्र क्रांति के इतिहास में भगत सिंह ने किया.'
निस्संदेह ,भगत सिंह का समूचा व्यक्तित्त्व प्रेरणादायक है. उनके ये शब्द कितने प्रेरणाप्रद हैं- "मेरा उद्देश्य तो यह है कि जनता शहीदों की कुर्बानियों और जीवन भर देश के ही काम में लगे रहने के उनके उदाहरणों से प्रेरणा हासिल करे और समय आने पर उस समय की परिस्थितयों को देखते हुए अपने कामों का स्वयं निर्णय करे."
वास्तव में .हमें इन शब्दों से प्रेरणा लेनी चाहिएऔर भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों और देशभक्तों के बलिदान के प्रतिफल में प्राप्त स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए सदा तत्पर रहना चाहिए. इसके निमित्त हमें चाहे तन-मन-धन और सर्वस्व ही क्यों न अर्पित करना पड़े.
** भारत माता क़ी जय **
No comments:
Post a Comment