Wednesday, 24 February 2016

कुछ नहीं चाहिए
-------------------
शिशु सा भोलापन,
किशोर सा अल्हड़पन ,
युवा सा शौर्य ,
वृद्ध सा गाम्भीर्य ,
अगर मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।

पर्वत सी ऊँचाई,
सागर सी गहराई ,
सूर्य सा तेज ,
पवन सा वेग ,
अगर मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।

व्योम सी व्यापकता ,
धरा सी धीरजता ,
नीर सी निर्मलता ,
पावक सी पावनता ,
अगर मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।

माता सा प्यार,
वृक्ष सा उपकार,
दधीचि सा त्याग,
देश प्रेम सा राग,
अगर मुझे मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।

काक सी चेष्टा ,
प्रह्लाद सी दृढ़ता ,
वकुल सा ध्यान ,
बुद्ध सा ज्ञान ,
अगर मुझे मिल जाय
फिर मुझे कुछ नहीं चाहिए।
------------------------------
                            देवेन्द्र पाल भटनागर ,
                            3 /248 वसुन्धरा ,गाज़ियावाद।



No comments:

Post a Comment