मेरी भारत भूमि है, मनहर अमरों का नंदन .
इसके कण - कण के तन - मन में , महक रहा है चन्दन,
इसका पहरेदार हिमालय ,
सागर चरण पखारता ,
कुसुमाकर वसंत आ - आकर ,
इसका रूप संवारता .
कुहुक - कुहुक कर कोकिल करती , इसका अनुपम अभिनन्दन ,
मेरी भारत भूमि है, मनहर अमरों का नंदन .
हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई,
सब इसकी संतान हैं.
सत्य, अहिंसा , शांति सदृश,
इसके सिद्धांत महान है.
गीता, बाइबिल और कुरआन का , घर - घर होता अनुगुंजन .
मेरी भारत भूमि है, मनहर अमरों का नंदन
हम हैं धन्य कि देवों की ,
प्रिय भू पर हमने जन्म लिया .
दूध सदृश इसकी नदियाँ का,
हमने निर्मल नीर पिया.
तन - मन - धन अर्पित कर इसको , करें सदा पूजन - वंदन .
मेरी भारत भूमि है, मनहर अमरों का नंदन.
No comments:
Post a Comment