अपने बौने हाथों से,
अनंताकाश का स्पर्श मत करो.
क्योंकि
यह मृगतृष्णा की भांति तुम्हे लुभाएगा, थकायेगा,
स्वयम तुम्हारी विवशता पर हंसेगा, तुम्हें रुलाएगा .
परन्तु
मनोबल मत गिराओ,
धैर्य से काम लो आगे आओ,
बौने हाथों की लम्बाई बढाओ.
आकाश को नीचे झुकाओ .
बौने हाथों की लम्बाई बढाओ !
आकाश को नीचे झुकाओ!!
हाँ ,हाँ,लम्बाई बढ़ा सकते हो ,
आकाश झुका सकते हो .
कर्म को , धर्म करो दलितों का उद्धार करो
भेद-भाव के रावण का राम सदृश संहार करो
घ्रणित को स्नेह दो, भूखे को रोटी दो.
निर्बल को शक्ति दो, नग्न को लंगोटी दो.
आकाश स्वयं भू पर आ जायेगा ,
तुम्हारे चरणों में मस्तक झुकाएगा
तब तुम आकाश को छूना , छूना क्या आलिंगन करना.
कामना की पूर्ति पर हँसना , खूब हँसना , किन्तु गर्व न करना ..
No comments:
Post a Comment