Thursday, 19 January 2012

दबंग

हम हैं  दबंग ,
हम हैं नर-भुजंग.
हम में है दम,
हम नहीं किसी से कम.
हम हैं रसूखदार,
हम से ही चलती है सरकार
सड़क से संसद तक,
हमारा है बोलबाला.
हमें पसंद है 'गेम',
'हाई लेवल'घोटाला.
शासन-प्रशासन,
हमारे सम्मुख हैं असहाय.
किसकी हिम्मत है,
जो हमसे टकराए.
आपको चाहिए यदि कोई ,
'लाइसेंस' या 'परमीशन'.
एम. बी. ए.,मेडिकल,
या इंजीनियरिंग में 'एडमीशन'.
हम से करें 'कान्टेक्ट'.
हमारे पास हर समस्या का ,
'सोल्यूशन'है' परफेक्ट'.
हम मौत के भी हैं सौदागर,
यमराज हैं अपने भाई- बिरादर.
जिस किसी को करना हो ठंडा,
हमारे पास है हर पावर का डंडा.
हम पैसे के लिए,
कुछ भी कर सकते हैं.
हम आदमी से नहीं ,
पैसे से प्यार करते हैं.
---------------------


Saturday, 31 December 2011

**अभिनन्दन हे नूतन वर्ष!**


अभिनन्दन हे नूतन वर्ष!
जन-गण-मन को देना हर्ष.
अभिनन्दन - - - - - - 
सत्य-धर्म के अनुयायी को,
देना ऋद्धि-सिद्धि-उत्कर्ष.
अभिनन्दन- - - - - - - 
सुख,शान्ति, सच्चरित्रता देना,
हों समाप्त सारे संघर्ष.
अभिनन्दन- - - - - --  - 
परहित,प्रेम,अहिंसा प्रबल हों,
हिंसा,स्वार्थ का हो अपकर्ष.
अभिनन्दन- - - - - - -
भेद-भाव से मुक्त हृदय हों,
नर में नारायण का दर्श.
अभिनन्दन- - - - - - -
सपने हों साकार सभी के,
करें अनन्त का सब स्पर्श.
अभिनन्दन- - - - - - - -
सभी सुखी हों, सभी निरोगी,
अजर-अमर हो भारतवर्ष.
अभिनन्दन हे नूतन वर्ष!
जन-गण-मन को देना हर्ष.
--------------------------
नोट-सभी को नव वर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें.
----------------------------------------------------------

Thursday, 22 December 2011

"आओ नया साल ऐसे मनायें"

आओ नया साल ऐसे मनायें ,
रोतों को हँसाएँ,गिरतों को उठायें.
मुहब्बत का अद्भुत दीपक जलायें,
घृणा का अँधेरा दिलों से मिटायें .
आओ.....................
हर तन को कपडा,जन-जन को भोजन,
रहने को सबको कोई घर दिलायें.
आँखों में आँसू को आश्रय मिले न ,
खुशियों से भरपूर जीवन बितायें.
आओ.......................
आक्रोश में हम न आयें हमेशा ,
सहने की शक्ति को हम सब बढायें.
झगड़ों से कभी कुछ हासिल न होता,
अमन का मधुर गीत हम गुनगुनायें.
आओ.......................
समस्या का हल, कोई समस्या नहीं है, 
मिल बैठ कर हर ग्रन्थि सुलझायें.
थोड़ा लिखे को समझना तुम ज्यादा,
समझदार हैं सब हम क्या समझायें.
आओ, नया साल ऐसे मनायें, 
रोतों को हँसाएँ ,गिरतों को उठायें.
          ---------------

Thursday, 15 December 2011

तुम यूँ हीं सदा मुस्कुराते रहो

तुम यूँ हीं सदा मुस्कुराते रहो, 
ज़िन्दगी की ग़ज़ल गुनगुनाते रहो.
ज़िन्दगी में आती रहें जुबलियाँ,
तुम सबको ख़ुशी से मनाते रहो .
   तुम यूँ हीं ------------------.
राधा-किशन सी ये जोड़ी सलामत रहे,
रिश्तों में मुहब्बत-इबादत रहे. 
ज़िन्दगी को समझ खेल क्रिकेट का तुम, 
छक्के पे छक्का लगाते रहो.
   तुम यूँ ------------------.
हम सबकी प्रभु से है यह प्रार्थना, 
दुखों से तुम्हारा न हो सामना.
हम पे आशीषों के मोती लुटाते रहो,
और दावत पे दावत खिलाते रहो.
   तुम यूँ हीं सदा मुस्कुराते रहो, 
ज़िन्दगी की ग़ज़ल गुनगुनाते रहो.
       ---------------------

Friday, 2 December 2011

"कमजोर पड़ती भाषण कला"

०१ दिसम्बर के नवभारत टाइम्स के सम्पादकीय "कमजोर पड़ती भाषण कला" शीर्षक के अंतर्गत प्रदर्शित चिन्ता निस्संदेह चिन्तनीय एवं विचारणीय है. किसी भी राजनेता के लिए अन्य गुणों के अतिरिक्त भाषण की कला में दक्ष होना उसके व्यक्तित्व के लिए एक अनिवार्य गुण माना जाता है. इसी के द्वारा वह जानता को अपनी ओर अधिक से अधिक आकृष्ट करने में सफल होता है. 
      लेखक महोदय ने कुछ कुशल वक्ताओं के नामों का उल्लेख किया है जैसे पंडित नेहरु और अटल बिहारी बाजपेयी आदि. वास्तव में इनके भाषणों में जान होती थी. लोग दूर-दूर से इनका भाषण सुनने आया करते थे. इनके भाषण मात्र शब्द नहीं होते थे अपितु उनमें इनकी विचारधारा परिलक्षित होती थी, इनकी पार्टी का दृष्टिकोण उजागर होता था. ऐसे वक्ताओं के भाषण संग्रह करने योग्य होते थे किन्तु आज इसका अभाव है.
       स्वामी विवेकानन्द भी भाषण कला में दक्ष थे.उन्होंने अमरीका के शिकागो नगर में दिए गए अपने भाषण से सभी अमरीकावासियों को मंत्र -मुग्ध कर दिया था. लोग उनके दीवाने हो गए और उनका ही नहीं बल्कि भारत के दर्शन का भी लोहा मानने लगे.
      मेरे विचार से वर्तमान संसद में विपक्ष की नेता श्रीमती सुषमा स्वराज एक ऐसा नाम है जिनका भाषण सुनने के लिए सब तत्पर रहते हैं.उन्हें भाषण की कला में निस्संदेह दक्षता हासिल है.
      चुनावों के दौरान भाषणों का काफी महत्त्व होता है.भाषण की कला में दक्ष नेता जनता के मन- मस्तिष्क को आकर्षित करके अपनी जीत का प्रतिशत बढ़ा सकते हैं.
       वर्तमान में प्रेस कांफ्रेंस का चलन है किन्तु इसमें नेताओं द्वारा अपनी जान -पहचान के रिपोर्टर  बुलाकर अपनी बात जनता तक पहुँचाने का प्रयास किया जाता है. लेकिन आज जनता भी बहुत जागरूक है. आसानी से प्रभावित नहीं होती. उसके ज्ञान-क्षेत्र का विस्तार हो चुका है. इसलिए भाषण द्वारा यदि कोई बात उसके दिल तक पहुंचाई जाये तो  निश्चय ही उसका प्रभाव पड़ेगा. आजकल भाषण की जगह चल रहे वाक-युद्ध के प्रचलन को रोकना होगा तथा तर्क -वितर्क से मुंह मोड़ना होगा. मीडिया को भी अपना दायित्व समझते हुए, ऐसे लोगों को महत्त्व नहीं देना होगा.
      केवल राजनीति ही नहीं बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी भाषण कला का अपना विशेष महत्त्व है. हम सभी को मिलकर भाषण की कला को जीवन्त बनाये रखने के लिए प्रयत्न करना होगा. स्कूल, कालिज एवं अन्य मंचों पर भाषण प्रतियोगिताएं करानी होंगी,वाद-विवाद प्रतियोगिताएं करानी होंगी तथा विजेताओं को पुरस्कृत करके प्रेरित करना होगा जिससे कमजोर पड़ती भाषण कला में कुछ जान पड़  सके.

Monday, 21 November 2011

'प्रसाद- पात्रं '

मैं वृक्ष से टूटा,
या तोड़ा गया.
फिर मुझे जोड़कर ,
एक नया 'लुक' दिया.
मैं बन गया अब ,
'प्रसाद- पात्रं '
पुरानी भाषा में "दौना".
मिट्टी से मैं बन गया सोना.
निर्माता ने कुछ पैसे ले,
मुझे सोंप दिया हलवाई को,
जीवन- यापन में जुटे एक भाई को.
चमक गया मेरा 
और मेरे निर्माता का भाग्य,
मिट गया हम दोनों का दुर्भाग्य.
हलवाई ने सौंप  दिया,
सप्रसाद, मुझे एक भक्त को.
प्रभु- भक्ति में डूबे ,
एक अनुरक्त  को.
मेरा भाग्य कुछ और जागा,
इसे ही कहते  हैं,"सोने पे सुहागा".
भक्त ने मुझे, देवालय में ,
प्रभु-चरणों में समर्पित कर दिया,
अपने साथ-साथ मेरा भी, 
भाग्य आलोकित कर दिया.
मेरा जीवन हो गया सफल.
प्रभु कृपा करते हैं अवश्य ,
आज नहीं तो,निश्चित ही कल.
.      ----------------

Wednesday, 2 November 2011

"ज़िन्दगी"

ज़िन्दगी छोटी ही सही, मगर खूबसूरत है. 
जैसे किसी मन्दिर में,प्रभु की मूरत है.
ज़िन्दगी जीने का,सलीका आना चाहिए. 
ज़िन्दगी वो गीत है,जो सुर में गाना चाहिए.
हर वक़्त एक सा मौसम, सदा नहीं रहता. 
ख़ुशी का वसंत,ग़म का पतझड़, नहीं रहता.
ज़िन्दगी में उतार-चढाव आना भी ज़रूरी है.
जैसे कभी मीठा,कभी तीखा भोजन में ज़रूरी है. 
वरना ज़िन्दगी में "देवेन्द्र",ठहराव सा आ जायेगा.
ज़िन्दगी ज़िन्दादिली से जियो,मज़ा आ जायेगा. 
                      ----------